बक्सर: कस्तूरबा विद्यालय में विद्यार्थी सहयोग शिविर, छात्राओं ने बेबाकी से बताईं समस्याएं; BDO ने जताई नाराजगी
राजपुर के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन हुआ। बीडीओ ने शिक्षा के महत्व और सुरक्षा के प्रति छात्राओं को जागरूक किया।
Buxar News : बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड के तियरा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में सरकार के निर्देश पर विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक जितेंद्र प्रसाद सिंह ने की. शिविर का उद्घाटन जिला कृषि पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, बीडीओ मनोज कुमार और मुखिया प्रतिनिधि रामअवतार राम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया.
आपके शहर में
छात्राओं से भविष्य की योजनाओं पर हुई बातचीत
जिला कृषि पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने छात्राओं से परिचय प्राप्त किया और उनके भविष्य के लक्ष्य के बारे में जानकारी ली. छात्राओं ने निर्भीक होकर शिक्षक, डॉक्टर, पुलिस अधिकारी और अन्य पदाधिकारी बनने की इच्छा जतायी. अधिकारियों ने छात्राओं को मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया.
अनुशासन के साथ शिक्षा पर दिया जोर
बीडीओ मनोज कुमार ने छात्राओं से कहा कि अनुशासन में रहकर पढ़ाई करना जरूरी है. शिक्षा प्राप्त करना हर बच्चे का अधिकार है. उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा से ही बच्चे देश और समाज के बेहतर नागरिक बन सकते हैं और अच्छी शिक्षा से मजबूत समाज व देश का निर्माण होता है.
समस्या होने पर पोर्टल के माध्यम से करें शिकायत
बीडीओ ने छात्राओं को बताया कि विद्यालय या शिक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सरकार से सहयोग लिया जा सकता है. छात्राएं अपनी शिकायत विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर दर्ज करा सकती हैं. इसके अलावा आवेदन देकर भी अपनी समस्या अधिकारियों तक पहुंचायी जा सकती है. उन्होंने कहा कि शिक्षा के विकास के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं.
गुड टच-बैड टच और साइबर अपराध से किया जागरूक
बीडीओ ने छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में भी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि परिवार या रिश्तेदार के नाम पर भी कोई व्यक्ति गलत तरीके से छूने की कोशिश करे तो उसका विरोध करना चाहिए. रास्ते में किसी तरह की गलत हरकत होने पर पहले आवाज उठाकर विरोध करें और इसकी जानकारी परिजनों तथा शिक्षकों को दें. जरूरत पड़ने पर पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से मदद लेने की बात कही.
उन्होंने छात्राओं को साइबर अपराध के प्रति भी जागरूक किया. मोबाइल और कंप्यूटर के माध्यम से ठगी करने के तरीके और ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर होने वाले साइबर अपराधों से सावधान रहने की सलाह दी.
छात्राओं ने बतायीं विद्यालय की समस्याएं
शिविर के दौरान छात्राओं ने अधिकारियों के सामने विद्यालय की कई समस्याएं रखीं. छात्राओं ने बताया कि उन्हें अब तक बैग, बोतल और आईकार्ड नहीं मिला है. उन्होंने स्कूल ड्रेस की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत भी की. इसके अलावा विद्यालय परिसर की चहारदीवारी टूटने से सुरक्षा का खतरा होने की बात कही.
चहारदीवारी टूटी मिलने पर बीडीओ ने जताई नाराजगी
छात्राओं की शिकायतों को सुनने के बाद बीडीओ ने विद्यालय की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जतायी. उन्होंने जिम्मेदार लोगों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. विद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए.
मौके पर बीएओ ऋषिकेश यादव, वार्डेन रोमन कुमारी, मनोरंजन पांडेय, परमानंद पांडेय, मुन्नी कुमारी, सुधा कुमारी, माधुरी कुमारी, प्रियंका कुमारी, मंजू कुमारी, मनोरमा कुमारी, ऑपरेटर प्रकाश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए