बक्सर: बनारपुर पैक्स चुनाव में सीधा मुकाबला, मुन्ना सिंह और राजेश तिवारी आमने-सामने; गांव में बढ़ी चुनावी सरगर्मी
बनारपुर पैक्स अध्यक्ष चुनाव में मुन्ना सिंह और राजेश तिवारी के बीच मुकाबला रोचक हो गया है। मतदाता इस बार विकास और ईमानदारी के मुद्दे पर वोट करेंगे।
Buxar News : बक्सर जिला के चौसा प्रखंड अंतर्गत आगामी एक सितंबर को होने वाले बनारपुर पैक्स चुनाव को लेकर नाम वापसी की प्रक्रिया समाप्त होते ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गयी है. अध्यक्ष पद के लिए अब दो प्रत्याशी मैदान में रह गये हैं, जिससे मुकाबला सीधा और दिलचस्प हो गया है. मुन्ना सिंह और राजेश तिवारी के बीच आमने-सामने की टक्कर है.
आपके शहर में
घर-घर पहुंच रहे प्रत्याशी, मांग रहे समर्थन
नाम वापसी के बाद दोनों प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है. वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए दोनों प्रत्याशी सुबह से देर रात तक घर-घर पहुंच रहे हैं और समर्थन की अपील कर रहे हैं. गांव की चौपाल से लेकर खेत-खलिहान तक इन दिनों पैक्स चुनाव की चर्चा हो रही है. प्रत्याशियों के समर्थकों में भी खासा उत्साह नजर आ रहा है.
किसानों के मुद्दे पर फोकस
इस बार पैक्स मतदाता भी काफी मुखर नजर आ रहे हैं. मतदाताओं का कहना है कि अब सिर्फ प्रत्याशी का चेहरा देखकर मतदान नहीं किया जाएगा. किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता, धान अधिप्राप्ति और पैक्स की कार्यप्रणाली जैसे मुद्दे चुनाव में अहम होंगे.
हिसाब-किताब और किसानों के हित को बताया प्राथमिकता
कई किसानों ने कहा कि जो प्रत्याशी पैक्स की कार्यप्रणाली और समिति के हिसाब-किताब को बेहतर तरीके से समझता हो तथा ईमानदारी से किसानों के हित में काम करने का भरोसा दिलायेगा, उसे ही मौका दिया जाना चाहिए. मतदाताओं के रुख से दोनों प्रत्याशियों की चुनौती बढ़ गयी है.
एक सितंबर को होगा फैसला
अध्यक्ष पद पर सीधा मुकाबला होने के कारण बनारपुर पैक्स चुनाव को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गयी है. दोनों प्रत्याशी अपनी जीत के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं. अब एक सितंबर को मतदान के बाद ही स्पष्ट होगा कि मतदाता मुन्ना सिंह या राजेश तिवारी में से किसके सिर जीत का सेहरा बांधते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए