buxar news : वार्ड तीन से डिजिटल संपत्ति सर्वे शुरू, हर घर को मिलेगा यूनिक हाउस आइडी
Updated at : 29 Jan 2026 10:43 PM (IST)
विज्ञापन

buxar news : शहर का पहला डिजिटल बेस मैप तैयार, हर घर की पहचान अब होगी आसानयूनिक नंबर प्लेट से भविष्य की योजनाओं का क्रियान्वयन होगा प्रभावी
विज्ञापन
buxar news : बक्सर. शहर के नियोजित विकास और नागरिक सुविधाओं को हाइटेक बनाने की दिशा में नगर परिषद, बक्सर ने एक ऐतिहासिक पहल शुरू की है. गुरुवार को नगर परिषद के सभागार में सभापति कमरुन निशा, उप सभापति बेबी देवी और कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक की गरिमामयी उपस्थिति में जीआइएस बेस मैप एवं संपत्ति सर्वेक्षण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया. नगर परिषद यह महत्वपूर्ण कार्य नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार के द्वारा निर्गत कार्यादेश के तहत वीवीएन टेक्नोलॉजीज के माध्यम से करा रही है. इसे दो चरणों में पूरा कराया जायेगा. इस परियोजना के तहत प्रत्येक घर को यूनिक हाउस आइडी प्राप्त होगी.
दो चरणों में पूरा होगा शहर का डिजिटल खाका
नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देशानुसार यह कार्य दो चरणों में संपन्न होगा. प्रथम चरण में अत्याधुनिक जीआईएस तकनीक से पूरे शहर का बेस मैप तैयार किया जायेगा. दूसरे चरण में वीवीएन टेक्नोलॉजीज की टीम घर-घर जाकर संपत्तियों का विस्तृत सर्वेक्षण करेगी. सर्वेक्षण की शुरुआत वार्ड संख्या तीन से की जा रही है.अब नंबर प्लेट से होगी घर की पहचान
सर्वे के बाद शहर के प्रत्येक घर को एक यूनिक हाउस आईडी आवंटित किया जायेगा. इसके आधार पर नगर परिषद द्वारा आधिकारिक नंबर प्लेट जारी की जायेगी. इससे घरों की पहचान आसान होगी और संपूर्ण डेटा नगर परिषद के डिजिटल पोर्टल पर भी उपलब्ध रहेगा.सर्वेक्षण से बदल जायेगी शहर की सूरत
सर्वेक्षण के दौरान शहर की सड़कों, रेलवे लाइनों, जल निकायों, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों तथा खाली पड़ी भूमि का सटीक सीमांकन किया जायेगा. इससे भविष्य में बनने वाली शहरी योजनाओं को धरातल पर उतारना आसान होगा.सर्वेक्षण के लिए गठित की गयी विशेष टीम
इस कार्य की निगरानी के लिए एटीपीएस वंदना को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. वीवीएन टेक्नोलॉजीज की तकनीकी टीम के साथ समन्वय के लिए नगर परिषद ने एक टीम गठित की है. इसमें राज मणि (सिटी मैनेजर), नरसिंह चौबे (टैक्स कलेक्टर), तिलेश्वर (अमीन), अमित, वाहिद और अशोक (सहायक) शामिल हैं. कार्यशाला के दौरान सभी वार्ड पार्षद, स्वच्छता पदाधिकारी, सहायक नगर योजना पर्यवेक्षक, सिटी मैनेजर, सहायक वास्तुविद और नगर परिषद के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे. नगर परिषद ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण हेतु आने वाली टीम को सही जानकारी देकर सहयोग दें.योजनाओं के क्रियान्वयन में मिलेगी मजबूती
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक ने कहा कि यह बहुउद्देशीय सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण नगर निकाय की सीमाओं, वार्डों और स्लम क्षेत्रों का वैज्ञानिक मानचित्र तैयार करेगा. इस डेटाबेस की मदद से भविष्य की योजनाओं का निर्माण और क्रियान्वयन बेहतर होगा. साथ ही हर वार्ड के राजस्व संग्रह में पारदर्शिता और सुगमता आयेगी.प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




