बक्सर: डुमरांव में पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का आक्रोश, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और NTA भंग करने की उठी मांग

डुमरांव में आक्रोश मार्च निकलते पूर्व विधायक व अन्य | Prabhat Khabar Network
बक्सर जिले के डुमरांव में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और NTA भंग करने की मांग की है।
बक्सर जिले के डुमरांव में सोमवार को भाकपा माले, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के संयुक्त बैनर तले आक्रोश दिवस मनाया गया. प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर जुलूस निकाला तथा विभिन्न मांगों के समर्थन में नारे लगाए.
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और NTA भंग करने की मांग
आक्रोश मार्च का नेतृत्व कामरेड अजीत कुमार सिंह, नवीन कुमार, धर्मेंद्र यादव, बाबूलाल राम और प्रभात ने किया. प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को भंग करने, नई शिक्षा नीति-2020 वापस लेने और पेपर लीक मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग उठाई.
नगर पालिका के सामने हुई सभा
जुलूस नगर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए नगर पालिका के समक्ष सभा में तब्दील हो गया. सभा की अध्यक्षता भाकपा माले के केंद्रीय कमेटी सदस्य एवं बक्सर जिला सचिव नवीन कुमार ने की. इस दौरान आरवाईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह, धर्मेंद्र यादव, सर्वेश पांडेय और सीपीआई नेता केदार यादव ने सभा को संबोधित किया.
जंतर-मंतर आंदोलन का किया समर्थन
वक्ताओं ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन जारी है, जहां छात्र-छात्राएं और शिक्षाविद धरना दे रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलनकारियों की मांगों पर गंभीरता से ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए.
बड़ी संख्या में छात्र-युवा रहे शामिल
आक्रोश मार्च और सभा में अखिलेश ठाकुर, लक्ष्मण भारती, रिंकू कुरैशी, पीयूष यादव, कृष्णा राम, देवेंद्र कुशवाहा, बंटी पटेल, मनोज राम, नासिर हसन, शैलेन्द्र पासवान, ऊषा देवी, पूजा कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र, युवा और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










