बक्सर: दियारा में किसान पर गिरी आकाशीय बिजली, खेत में काम करने के दौरान गंभीर रूप से झुलसा

बक्सर के दियारा इलाके में सोमवार को एक किसान पर आकाशीय बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गया. खेत में परवल की फसल की रखवाली करते समय वह झोपड़ी में बारिश से बचने के लिए रुका था. ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
Buxar News : स्थानीय थाना क्षेत्र के दियारा इलाके में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया. किसान खेत में लगी परवल की फसल की रखवाली कर रहा था. बारिश से बचने के लिए वह झोपड़ी में रुका था, तभी अचानक वज्रपात हो गया. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई.
झोपड़ी पर गिरी आकाशीय बिजली घायल किसान की पहचान नैनीजोर गांव निवासी छोटक पासवान के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, वह रोज की तरह दियारा स्थित अपने खेत में परवल की फसल की देखरेख और मवेशियों व चोरों से सुरक्षा के लिए गया था. दोपहर में मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई. बचाव के लिए वह खेत के पास बनी अस्थायी झोपड़ी में चला गया. इसी दौरान तेज गर्जना के साथ झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई.
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल वज्रपात का असर इतना तेज था कि झोपड़ी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई और किसान गंभीर रूप से झुलस गया. धमाके की आवाज सुनकर आसपास खेतों में मौजूद किसान मौके पर पहुंचे और अचेत पड़े छोटक पासवान को बाहर निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल घटना की सूचना मिलते ही नैनीजोर थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. हादसे के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है और घर में मातम का माहौल है.
मुआवजे की उठी मांग ग्रामीणों और किसान संगठनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत कोष के तहत पीड़ित किसान के परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता देने की मांग की है. लोगों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवार को तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










