बक्सर में पैर नहीं छूने पर युवक को पीटा, फिर मांगी 1 लाख की रंगदारी, जांच में जुटी पुलिस

Buxar News : बक्सर के शिवपुरी मोहल्ले में एक युवक को पैर न छूने की वजह से नौ लोगों ने बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी कई हड्डियां टूट गईं. हमलावरों ने उसे मरा समझ फेंक दिया और परिवार से हर महीने ₹1 लाख रंगदारी मांगने की धमकी दी.
Buxar News : बक्सर में 5 जुलाई की रात करीब 8:20 बजे नगर के शिवपुरी मुहल्ले में पैर नहीं छूने की बात को लेकर नौ लोगों ने एक युवक की राइफल के बट से बेरहमी से पिटाई कर दी. हमले में युवक के हाथ, पैर और रीढ़ की हड्डी टूट गई. आरोप है कि हमलावर उसे मरा समझकर सड़क पर छोड़कर फरार हो गए और बाद में परिवार से हर महीने एक लाख रुपये रंगदारी की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी. यह वारदात शिवपुरी-बुधनपुरवा निवासी श्याम सुंदर मिश्रा के पुत्र प्रिंस मिश्रा के साथ हुई.
नौ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में घायल प्रिंस मिश्रा के आवेदन पर बबली दुबे समेत 9 आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. नामजदों में बबली दुबे, धुनमुन दुबे, रोहित दुबे, प्रकाश दुबे, मनमोहन चौबे, विकास चौबे, विवेक मिश्रा, ओम मिश्रा व शिंकू कुमार का नाम शामिल हैं. इसकी पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि एफआईआर के बाद कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है.
रास्ते में रोककर आरोपियों ने बोला हमला
पीड़ित प्रिंस मिश्रा ने बताया है कि वे अपने घर जा रहे थे. रास्ते में बबली दुबे के घर के पास पहुंचे तो बबली दुबे ने गाली देते हुए कहा कि "मेरा पैर छुए बिना क्यों जा रहा है". इस पर पीड़ित ने मना कर दिया, जिससे नाराज बबली दुबे समेत सभी नामजद आरोपियों ने मिलकर हमला कर दिया. पीड़ित का आरोप है कि सभी के हाथ में राइफल थी. पहले बबली दुबे ने जमीन पर पटक कर राइफल के बट से सिर पर वार किया.
शरीर की कई हड्डियां टूटीं
विरोध करने पर हाथ से रोकने के कारण प्रिंस की कलाई, कोहनी और बांह का पंजा टूट गया. इसके बाद सभी ने बारी-बारी से राइफल के बट से पीटा, जिससे रीढ़ की हड्डी और पैर दो जगह से टूट गया.
दहशत फैलाने को की फायरिंग
युवक के बेहोश हो जाने पर आरोपियों ने उसे मरा हुआ समझकर सड़क पर फेंक दिया और हवाई फायर करते हुए चले गए. जाते-जाते उन्होंने प्रिंस के पिता और भाई को धमकी दी कि अगर इस मोहल्ले में रहना है तो हर महीने 1 लाख रुपये रंगदारी दो, नहीं तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे.
Also Read : बक्सर : तालाब सौंदर्यीकरण योजना में गड़बड़ी का आरोप, ग्रामीणों ने DM से की जांच की मांग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










