बक्सर में 4 अक्टूबर से शुरू होगा 20 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव, दिन में कृष्ण लीला और रात में रामलीला
रामलीला की तस्वीर
Buxar News : बक्सर के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 4 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक 20 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव का आयोजन होगा. इस दौरान कृष्ण लीला और रामलीला का मंचन किया जाएगा, जिसमें गणेश पूजन से लेकर रावण वध तक के प्रसंग शामिल होंगे.
Buxar News : नगर के ऐतिहासिक रामलीला मैदान स्थित विशाल मंच पर श्री रामलीला समिति, बक्सर के तत्वावधान में 20 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव-2026 का शुभारंभ 4 अक्टूबर, रविवार को जिउतिया पर्व के अवसर पर होगा. महोत्सव 4 से 23 अक्टूबर तक चलेगा. इस दौरान प्रतिदिन दिन में श्रीकृष्ण लीला और रात्रि में श्रीराम लीला का भव्य मंचन किया जाएगा.
महंथ स्वामी राजगोपालाचारी करेंगे उद्घाटन
समिति के सचिव बैकुंठनाथ शर्मा और संयुक्त सचिव हरिशंकर गुप्ता ने बताया कि महोत्सव का उद्घाटन लक्ष्मी नारायण मंदिर के महंथ श्री श्री 1008 स्वामी राजगोपालाचारी जी महाराज के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा. वृंदावन-मथुरा की प्रसिद्ध बाल कृष्ण रासलीला मंडली द्वारा दिन में कृष्ण लीला का मंचन किया जाएगा. वहीं, स्वामी मोहन श्याम भारद्वाज के निर्देशन में रात्रि में रामलीला का मंचन मुख्य आकर्षण रहेगा.
गणेश पूजन से सीता स्वयंवर तक होंगे प्रमुख प्रसंग
कार्यक्रम के अनुसार 4 अक्टूबर को गणेश पूजन, शिव विवाह और नारद मोह का मंचन होगा. 5 अक्टूबर को मनु-शतरूपा तपस्या एवं रावण जन्म, 6 अक्टूबर को पृथ्वी पुकार, श्रीराम जन्म एवं नामकरण तथा 7 अक्टूबर को विश्वामित्र आगमन, ताड़का वध एवं मारीच-सुबाहु वध का मंचन किया जाएगा.
Also Read : डुमरांव के लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव की पुस्तक ‘मोदी युग का भारत’ का लोकार्पण
8 अक्टूबर को अहिल्या उद्धार एवं नगर दर्शन और 9 अक्टूबर को सीता स्वयंवर एवं धनुष यज्ञ का मंचन होगा. 10 अक्टूबर को लक्ष्मण-परशुराम संवाद और श्रीराम विवाह का भव्य आयोजन किया जाएगा.
राम वन गमन से लंका दहन तक की लीला
महोत्सव के आगे के दिनों में केवट प्रसंग, राम वन गमन, चित्रकूट वास, दशरथ मरण, भरत मिलाप, शबरी प्रसंग, सुग्रीव मित्रता, बाली वध और सीता खोज जैसे प्रसंगों का मंचन होगा. इसके बाद हनुमान का लंका प्रवेश, लंका दहन, विभीषण शरणागति, अंगद-रावण संवाद और राम-रावण युद्ध की लीला प्रस्तुत की जाएगी.
Also Read : स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत चौसा में पेंटिंग प्रतियोगिता, बच्चों ने दिया स्वच्छता का संदेश
विजयादशमी पर होगा रावण वध महोत्सव
20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर रावण वध महोत्सव विशेष आकर्षण रहेगा. इसके लिए रामलीला समिति की ओर से विशेष तैयारियां की जा रही हैं. महोत्सव के दौरान रामलीला के विभिन्न प्रसंगों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है.
भरत मिलाप और श्रीराम राज्याभिषेक के साथ होगा समापन
22 अक्टूबर को जमुना चौक पर भरत मिलाप का आयोजन किया जाएगा. वहीं, 23 अक्टूबर को श्री चंद्र मंदिर पर श्रीराम राज्याभिषेक के साथ 20 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव का समापन होगा. समिति की ओर से महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं.
Also Read : चक्की सीएचसी में सफाई व्यवस्था पर सवाल, पांच कर्मियों के काम करने के बावजूद रजिस्टर में नौ की हाजिरी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए