यूपी से आई तेज रफ्तार कार का बक्सर गोलंबर पर कहर, दो बाइक सवारों को 300 फीट तक घसीटा, फिर दूसरी कार से टकराई

Author Ashutosh singh|Edited by Sakshi Kumari
Updated:
विज्ञापन

दुर्घटनाग्रस्त कार की तस्वीर

Buxar Road Accident : बक्सर गोलंबर पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने दो बाइक सवारों को करीब 200 से 300 फीट तक घसीट दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. कार चालक नशे में हो सकता है, पुलिस जांच कर रही है.

विज्ञापन

Buxar Road Accident : वीर कुंवर सिंह सेतु के रास्ते उत्तर प्रदेश से बिहार सीमा में घुसी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने मंगलवार की देर शाम करीब 8:30 बजे बक्सर गोलंबर पर भीषण हादसा कर दिया. पुलिस चौकी के पास यू-टर्न के दौरान कार ने दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

200 से 300 फीट तक बाइक सवारों को घसीटती रही कार

जानकारी के अनुसार, सरीमपुर गांव निवासी समीम खान और सरफराज खान अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान भरौली (उत्तर प्रदेश) की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार दोनों युवकों को करीब 200 से 300 फीट तक सड़क पर घसीटती चली गई.

इसके बाद कार सड़क किनारे खड़ी एक दूसरी कार से टकरा गई. टक्कर की ताकत इतनी अधिक थी कि खड़ी कार करीब 20 फीट दूर जाकर एक पिकअप वाहन से भिड़ गई. इस टक्कर से पिकअप भी लगभग पांच फीट खिसक गया और बीच में फंसी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

हादसे के बाद कार में सवार चारों युवक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकले. स्थानीय लोगों और पुलिस ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि यही कार उत्तर प्रदेश के भरौली क्षेत्र में भी एक दुर्घटना करने के बाद भाग रही थी और वहां से वीर कुंवर सिंह सेतु पार कर बिहार में प्रवेश किया था.

घायलों की हालत गंभीर, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घायल समीम खान और सरफराज खान का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. फरार आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.

नशे में कार चलाने की आशंका, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

स्थानीय लोगों ने बक्सर गोलंबर पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यू-टर्न व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में कार चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, इसकी पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.

Also Read : बक्सर DM का प्रयास रंग लाया, 3 साल पुराना भूमि विवाद सुलझा, पीपराढ़ में बनेगा हाईटेक कचरा प्रबंधन केंद्र



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन