भरत तिवारी की श्रद्धांजलि सभा में जुटे लोग, मानवाधिकार संगठन ने परिजनों को दिया न्याय का भरोसा

भरत तिवारी की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर परिजनों को सांत्वना देते डॉ. दिलशाद आलम और अन्य लोग
Bharat Tiwari Encounter : बक्सर के बेलौती गांव में आयोजित भारत तिवारी की श्रद्धांजलि सभा में मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन के सचिव डॉ. दिलशाद आलम पहुंचे. उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर न्याय और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
Bharat Tiwari Encounter : मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय (बिहार) के सचिव सह रोटरी क्लब ऑफ बक्सर के पूर्व अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने जिले के बेलौती गांव का दौरा किया. वहां पहुंचकर उन्होंने दिवंगत भरत तिवारी की श्रद्धांजलि सभा में भाग लिया. इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की. डॉ. आलम ने पीड़ित परिवार को इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग करने और न्याय दिलाने का पूरा भरोसा दिया.
युवा सदस्य को खोना अत्यंत पीड़ादायक
श्रद्धांजलि सभा को मुख्य रूप से संबोधित करते हुए डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने किसी युवा सदस्य को खोना अत्यंत दुखद, हृदयविदारक और असहनीय पीड़ादायक होता है. ऐसे कठिन समय में पूरे समाज और स्थानीय प्रशासन की यह सामूहिक जिम्मेदारी बनती है कि पीड़ित परिवार को समय पर न्याय, सम्मान और हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए.
अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन रहेगा तत्पर
उन्होंने स्पष्ट किया कि मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन इस पूरे मामले पर बहुत गंभीरता से नजर बनाए हुए है और पीड़ित परिवार के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर जरूरी प्रयास करेगा.
वैधानिक लाभ न मिलने पर उठाए सवाल
इस शोक सभा में मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन की आरा इकाई से अवधेश जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे. वहीं, मौके पर मौजूद अरुण कुमार एवं राहुल कुमार ने भी पीड़ित परिवार के समर्थन में मुखर होकर अपनी बात रखी.
Buxar News : निष्पक्ष समीक्षा की मांग
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि यह पीड़ित परिवार सरकारी सहायता एवं सभी वैधानिक अधिकारों का वास्तविक पात्र है, तो उन्हें अब तक उनका हक क्यों नहीं मिल सका है. उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष समीक्षा करने और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय के साथ-साथ सभी देय वैधानिक लाभ अविलंब उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की.
दो मिनट का मौन रखकर दी गई श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित सभी ग्रामीणों और गणमान्य लोगों ने दिवंगत भरत तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी. इसके बाद सभी ने दो मिनट का सामूहिक मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की.
कार्यक्रम के अंत में मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन के पदाधिकारियों ने एक बार फिर दोहराया कि वे पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और न्याय व मानवीय अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव कानूनी व सामाजिक पहल करते रहेंगे.
Also Read : भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई से किया इनकार, CBI जांच वाली याचिका पर कहा- HC जाइए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










