बक्सर में सोलर पैनल लगाने में बैंक लोन बना बड़ा रोड़ा, बैंकों की मनमानी से योजना की रफ्तार धीमी
सांकेतिक तस्वीर.
बक्सर में सोलर पैनल लगाने में बैंक लोन की प्रक्रिया बेहद धीमी है. 8000 घरों के लक्ष्य के मुकाबले मात्र 219 पर स्थापना. जानें इसके पीछे के कारण.
बक्सर. जिले में घरों की छत पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाने को लेकर विद्युत विभाग लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है, लेकिन बैंकों की उदासीनता और ऋण प्रक्रिया में लेटलतीफी के चलते योजना की गति बेहद धीमी पड़ गई है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, बक्सर जिले को कुल 8,000 घरों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य मिला था। इसके तहत अब तक लगभग 1,500 उपभोक्ताओं ने आवेदन किया है, लेकिन बैंकों के असहयोग के कारण अब तक महज 219 घरों की छत पर ही सोलर पैनल स्थापित किए जा सके हैं।
स्वीकृत लोन की राशि ट्रांसफर करने में हो रही देरी
सोलर पैनल स्थापित करने के लिए अधिकांश उपभोक्ताओं को बैंक ऋण की जरूरत होती है। सरकार ने ऋण प्रक्रिया को सुगम बनाने के कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं, मगर जमीनी स्तर पर बैंक टालमटोल का रवैया अपना रहे हैं। विभागीय जानकारी के मुताबिक, जिले के 51 उपभोक्ताओं का बैंक ऋण स्वीकृत (Sanction) हो चुका है, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी यह स्वीकृत राशि संबंधित एजेंसी के खाते में नहीं भेजी गई है।
इसके अतिरिक्त, 71 उपभोक्ताओं के ऋण आवेदन विभिन्न बैंक शाखाओं में लंबित पड़े हैं। राशि नहीं मिलने के कारण एजेंसियां इन घरों पर पैनल लगाने का काम शुरू नहीं कर पा रही हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि सामान्यतः लोन स्वीकृत होने के 24 से 48 घंटे के भीतर राशि हस्तांतरित हो जानी चाहिए, लेकिन इस योजना में बैंक अनावश्यक विलंब कर रहे हैं।
रूफटॉप सोलर लगाने में राज्य में 15वें पायदान पर फिसला बक्सर
विद्युत विभाग द्वारा किए जा रहे प्रचार-प्रसार के बावजूद बैंकों की शिथिलता के कारण जिले की प्रगति राज्य स्तर पर पिछड़ गई है। इसी धीमी रफ्तार की वजह से सोलर पैनल स्थापना के मामले में बक्सर जिला पूरे बिहार में 15वें स्थान पर पहुंच गया है। लक्ष्य और उपलब्धि के बीच का यह भारी फासला प्रशासनिक तालमेल पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
क्या कहते हैं अधिकारी
"उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने के लिए आवेदन के बाद बैंक से लोन की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। बैंक स्तर पर ऋण स्वीकृति और राशि भेजने में टालमटोल की जा रही है, जिससे सोलर पैनल लगाने का काम सीधे तौर पर प्रभावित हो रहा है।" — सूर्य प्रकाश सिंह, कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग, बक्सर
Also Read: बक्सर में बिना कनेक्शन, मीटर बाइपास कर बिजली जला रहे थे लोग, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए