नालंदा विश्वविद्यालय के कुलसचिव बर्खास्त, वित्त पदाधिकारी को मिला अतिरिक्त प्रभार

Updated:
विज्ञापन

बर्खास्त कुलसचिव डाॅ रमेश प्रताप सिंह परिहार की फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network

नालंदा विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. रमेश प्रताप सिंह परिहार को पद से बर्खास्त कर दिया गया है. विदेश मंत्रालय के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद विश्वविद्यालय के वित्त पदाधिकारी ओम प्रकाश श्रीवास्तव को कुलसचिव का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है.

विज्ञापन

नालंदा विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. रमेश प्रताप सिंह परिहार को उनके पद से बर्खास्त कर दिया गया है. उनकी जगह विश्वविद्यालय के वित्त पदाधिकारी ओम प्रकाश श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से कुलसचिव का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है. इस संबंध में कुलपति प्रो. सचिन चतुर्वेदी की ओएसडी श्रीशा उडुपा की ओर से अधिसूचना जारी की गई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

विश्वविद्यालय प्रशासन की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण प्रशासनिक घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है. जारी अधिसूचना के अनुसार डॉ. परिहार को उनके मूल संगठन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (आईजीएनटीयू), अमरकंटक वापस भेज दिया गया है. उन्हें 31 अगस्त 2026 से मूल संगठन के लिए कार्यमुक्त किए जाने के बाद रजिस्ट्रार पद की जिम्मेदारियों से भी मुक्त कर दिया गया है. यह कार्रवाई विदेश मंत्रालय के निर्देश पर की गई है.

सूत्रों के अनुसार, उनके विरुद्ध लगाए गए कई गंभीर आरोपों की जांच और पुष्टि के बाद मामले में उच्च स्तर पर हस्तक्षेप हुआ, जिसके बाद विदेश मंत्रालय ने सख्त कदम उठाया है. अधिसूचना में नालंदा विश्वविद्यालय स्टैट्यूट्स, 2012 के स्टैट्यूट 15.4 तथा वर्ष 2014 में अधिसूचित संशोधन के प्रावधानों का उल्लेख किया गया है. इन्हीं प्रावधानों के तहत सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति से वित्त पदाधिकारी ओम प्रकाश श्रीवास्तव को अगले आदेश तक कुलसचिव के कार्यालय से संबंधित कार्यों और जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए नामित किया गया है.

ओम प्रकाश श्रीवास्तव अपने वित्त पदाधिकारी के मौजूदा दायित्वों के साथ-साथ कुलसचिव के पद से जुड़े कार्यों का भी संचालन करेंगे. वे नालंदा विश्वविद्यालय अधिनियम एवं स्टैट्यूट्स में निर्धारित कुलसचिव के कार्यों और जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे. इसके अतिरिक्त सक्षम प्राधिकारी द्वारा समय-समय पर सौंपे जाने वाले अन्य दायित्वों का भी उन्हें निर्वहन करना होगा.

अधिसूचना में डॉ. रमेश प्रताप सिंह परिहार को निर्देश दिया गया है कि वे कुलसचिव कार्यालय का समस्त प्रभार वित्त पदाधिकारी ओम प्रकाश श्रीवास्तव को सौंप दें. यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है.

विश्वविद्यालय में शीर्ष प्रशासनिक पद पर हुए इस बदलाव से आने वाले दिनों में संस्थान की प्रशासनिक व्यवस्था और कार्यप्रणाली में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है. दूसरी तरफ नये कुलसचिव की नियुक्ति की कवायद और जोड़तोड़ भी शुरू हो गयी है. इस पद के लिए कुछ लोग कुलपति से तो कुछ लोग कुलाधिपति से संपर्क और सामंजस्य बैठाने में जुट गये हैं.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन