नालंदा में दाे दिन पुराने विवाद में युवक को मारी गोली, भाई भी गंभीर रूप से घायल

Updated:
विज्ञापन

एआइ से बनायी गयी तस्वीर

नालंदा के थरथरी में गोतिया विवाद के चलते हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन

Nalanda Crime News : नालंदा जिले के थरथरी थाना क्षेत्र के संतन बिगहा गांव में मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे गोतिया के बीच चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. दो पक्षों के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में गोली लगने से 25 वर्षीय युवक संजीव कुमार यादव की मौत हो गयी. वहीं उसका भाई कविन्द्र यादव गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गयी. मृतक के परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

दो दिन पहले धान के खेत में हुआ था विवाद

बताया जाता है कि दो दिन पूर्व धान के खेत में निकौनी करने के दौरान नंदु यादव और भोनु यादव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. उस समय दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी और मामला तत्काल शांत हो गया था. मंगलवार की रात इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गये. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गयी.

गोली लगने से युवक की मौत

फायरिंग के दौरान संजीव कुमार यादव को गोली लग गयी. उसका भाई कविन्द्र यादव भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने संजीव कुमार यादव को मृत घोषित कर दिया. वहीं कविन्द्र यादव का इलाज चल रहा है. उसकी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही थरथरी थाना की पुलिस टीम संतन बिगहा गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान के साथ घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुट गयी है. पुलिस दोनों पक्षों के बीच पूर्व से चले आ रहे विवाद की भी जानकारी जुटा रही है.

गांव में तनाव का माहौल, पुलिस रख रही नजर

घटना के बाद संतन बिगहा गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस गांव में नजर रख रही है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन