नालंदा विश्वविद्यालय में पोस्ट-डॉक्टरल फैलोशिप के लिए आवेदन शुरू, 30 जुलाई तक करें अप्लाई

नालंदा विश्वविद्यालय की फाइल तस्वीर
Biharsharif News : नालंदा विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रतिष्ठित पोस्ट-डॉक्टरल फेलोशिप कार्यक्रम की अधिसूचना जारी की है. योग्य शोधकर्ताओं को विभिन्न स्कूलों और अनुसंधान केंद्रों में काम करने का अवसर मिलेगा. आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026 है.
Biharsharif News : राष्ट्रीय महत्व के प्रतिष्ठित संस्थान नालंदा विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पोस्ट-डॉक्टरल फैलोशिप (Post-Doctoral Fellowship) कार्यक्रम की अधिसूचना जारी कर दी है. विदेश मंत्रालय के सहयोग से संचालित इस प्रतिष्ठित शोध कार्यक्रम के तहत देश और विदेश के योग्य शोधकर्ताओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. इच्छुक अभ्यर्थी 30 जुलाई 2026 तक विश्वविद्यालय के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. विश्वविद्यालय का उद्देश्य उत्कृष्ट शोध को बढ़ावा देना और वैश्विक स्तर पर अकादमिक सहयोग को मजबूत करना है.
विभिन्न स्कूलों और विभागों में मिलेगा शोध का अवसर
विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, पोस्ट-डॉक्टरल फैलोशिप के तहत विभिन्न अकादमिक स्कूलों और विभागों में शोध कार्य करने का अवसर मिलेगा. बौद्ध अध्ययन, दर्शनशास्त्र एवं तुलनात्मक धर्म स्कूल के अंतर्गत हिंदू अध्ययन, दर्शनशास्त्र और बौद्ध अध्ययन विभाग शामिल हैं. वहीं ऐतिहासिक अध्ययन स्कूल में इतिहास और पुरातत्व विषय पर शोध किया जा सकेगा. इसके अलावा भाषा एवं साहित्य एवं मानविकी स्कूल के अंतर्गत अर्थशास्त्र, गणित, हिंदी और संस्कृत विषयों में शोध का अवसर मिलेगा. सूचना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी स्कूल में डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी नीति अध्ययन जैसे आधुनिक विषयों पर शोध किया जाएगा. पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण अध्ययन, सतत विकास एवं प्रबंधन तथा अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं शांति अध्ययन स्कूल में भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं.
अत्याधुनिक अनुसंधान केंद्रों में भी मिलेगा काम करने का मौका
फैलोशिप के तहत विश्वविद्यालय के कई प्रमुख अनुसंधान केंद्रों में भी शोध कार्य करने का अवसर मिलेगा. इनमें कौटिल्य वैश्विक केंद्र (राज्य क्षमता के लिए), विकास एवं स्थिरता अध्ययन केंद्र, दक्षिण-पूर्व एशियाई अध्ययन केंद्र, बंगाल की खाड़ी अध्ययन केंद्र तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं सतत परिवर्तन केंद्र शामिल हैं. इन अनुसंधान केंद्रों में शोधार्थियों को समकालीन राष्ट्रीय और वैश्विक विषयों पर अध्ययन एवं अनुसंधान करने का अवसर मिलेगा.
पीएचडी और पांच शोध पत्र होना अनिवार्य
विश्वविद्यालय ने आवेदन के लिए स्पष्ट पात्रता मानदंड निर्धारित किए हैं. आवेदन करने वाले अभ्यर्थी के पास संबंधित विषय में पीएचडी की डिग्री होना अनिवार्य है. इसके साथ ही प्रतिष्ठित सहकर्मी-समीक्षित (Peer-Reviewed) शोध पत्रिकाओं में कम से कम पांच शोध पत्र प्रकाशित होना भी जरूरी है. उम्मीदवारों को ऐसा शोध प्रस्ताव प्रस्तुत करना होगा, जो संबंधित स्कूल या अनुसंधान केंद्र के उद्देश्यों के अनुरूप हो.
तीन चरणों में होगा चयन
पोस्ट-डॉक्टरल फैलोशिप के लिए चयन पूरी तरह योग्यता और पारदर्शी प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा. पहले चरण में अभ्यर्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड और शोध प्रस्ताव का मूल्यांकन किया जाएगा. दूसरे चरण में उनके प्रकाशित शोध पत्रों और अनुसंधान उपलब्धियों की समीक्षा होगी. अंतिम चरण में चयनित अभ्यर्थियों का साक्षात्कार और प्रस्तुतीकरण आयोजित किया जाएगा, जिसके आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा.
30 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी 30 जुलाई 2026 तक विश्वविद्यालय के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी. विश्वविद्यालय की ओर से जारी विज्ञापन में दिए गए क्यूआर कोड के माध्यम से भी आवेदन पोर्टल तक पहुंचा जा सकता है.
हेल्पलाइन नंबर और ईमेल जारी
आवेदन से संबंधित किसी भी जानकारी या तकनीकी सहायता के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की एडमिशन हेल्पलाइन +91-7033291552 और 06112-255027 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा admission@nalandauniv.edu.in पर ईमेल भेजकर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है.
युवा शोधकर्ताओं के लिए बेहतर अवसर
नालंदा विश्वविद्यालय का पोस्ट-डॉक्टरल फैलोशिप कार्यक्रम युवा शोधकर्ताओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के शोध वातावरण में कार्य करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है. इस पहल से उच्च शिक्षा, अनुसंधान और वैश्विक अकादमिक सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










