नालंदा: शिक्षक दिवस पर 14 शिक्षकों को किया गया सम्मानित, छात्राओं ने डीएम से किया सीधा संवाद

Updated:
विज्ञापन

शिक्षक दिवस सम्मान समारोह में डीएम उदिता सिंह, डीडीसी सारा अशरफ, डीईओ हेमचंद्र व अन्य

शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले के 14 शिक्षकों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया. डीएम उदिता सिंह ने छात्राओं से सीधी बातचीत कर उन्हें आत्मनिर्भरता और सफलता के मंत्र दिए.

विज्ञापन

teachers day: बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित हरदेव भवन में शिक्षक दिवस सम्मान समारोह एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने कन्या मध्य विद्यालय कमरुद्दीनगंज की छात्राओं से सीधा संवाद किया. इस दौरान जिले के 14 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ.

आपके शहर में

विज्ञापन

आत्मनिर्भरता और आत्मबल सफलता का आधार : डीएम

छात्राओं को संबोधित करते हुए डीएम उदिता सिंह ने कहा कि जीवन में सफलता का वास्तविक आधार आत्मनिर्भरता और आत्मबल है. जिस दिन व्यक्ति स्वयं सक्षम और आत्मनिर्भर हो जाता है, वही उसकी सफलता का वास्तविक पड़ाव होता है. उन्होंने छात्राओं से अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने तथा पूरी निष्ठा और लगन के साथ तैयारी करने की अपील की.

डीएम ने कहा कि आत्मनिर्भरता और आत्मबल व्यक्ति की सोच तथा परिस्थितियों के प्रति उसकी प्रतिक्रिया को सकारात्मक बनाते हैं. उन्होंने छात्राओं से जीवन, कैरियर और समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद करते हुए कई महत्वपूर्ण बातें साझा कीं.

आधुनिक और मिश्रित खेती अपनाने पर दिया जोर

किसान से जुड़े सवाल पर डीएम ने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक, यंत्रीकृत एवं मिश्रित खेती तथा नवाचार को अपनाने से किसानों की आर्थिक स्थिति में व्यापक सुधार लाया जा सकता है.

गुरु-शिष्य परंपरा को बताया भारत की समृद्ध विरासत

डीएम उदिता सिंह ने कहा कि भारत की गुरु-शिष्य परंपरा सदियों पुरानी और पवित्र है. अपनी समृद्ध ज्ञान परंपरा के बल पर भारत प्राचीन काल से ही विश्वगुरु रहा है. उन्होंने छात्राओं से भारतीय मूल्यों, संस्कृति और आत्मसम्मान की रक्षा करते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया.

आईसीसीसी और लोक शिकायत कार्यालय का कराया एक्सपोजर विजिट

संवाद कार्यक्रम से पूर्व छात्राओं को प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देने के लिए विशेष एक्सपोजर विजिट कराया गया. छात्राओं ने आईसीसीसी में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को करीब से देखा. उन्हें 491 सीसीटीवी कैमरों से लाइव निगरानी, 15 प्रमुख स्थानों पर आपात उद्घोषणा प्रणाली और 10 स्थानों पर स्थापित इमरजेंसी कॉल बॉक्स की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया.

इसके अलावा छात्राओं को लोक शिकायत निवारण कार्यालय के कामकाज की भी जानकारी दी गयी.

इन शिक्षकों को किया गया सम्मानित

शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले के 14 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया. सम्मानित शिक्षकों में अजय कुमार, आरजीएल उच्च विद्यालय छबीलापुर; मनोज कुमार, मध्य विद्यालय सहोखर सोहसराय; नागेश्वर चौधरी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बकरा; प्रियंका वर्मा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय मलह बीघा; सुमित्रा कुमारी, मध्य विद्यालय तुलसीगढ़; शिशिर कुमार सिन्हा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय दौलाचक; धर्मेंद्र, प्राथमिक विद्यालय विजयनगर; अजय प्रसाद, नव प्राथमिक विद्यालय मीरचायगंज; शिवनंदन प्रसाद, उत्क्रमित मध्य विद्यालय मैरा; प्रशांत केतु, पीएम श्री आदर्श गांधी उच्च विद्यालय चंडासी; विकास कुमार, उत्क्रमित मध्य विद्यालय धनुकी; अनिल पासवान, आदर्श मध्य विद्यालय सरमेरा; डॉ अभिनव कुमार, उत्क्रमित मध्य विद्यालय जुआफर बाजार और विवेक भारती, प्राथमिक विद्यालय मिर्जा बीघा शामिल हैं.

कार्यक्रम में अधिकारी और छात्राएं रहीं मौजूद

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सारा अशरफ, जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी अर्चना कुमारी, सम्मानित शिक्षक, जिला मिशन समन्वयक, मनो-सामाजिक परामर्शदाता सहित छात्राएं मौजूद थीं.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन