नालंदा: सिलाव में पूर्व वार्ड पार्षद और पत्नी को वाहन से कुचलने का प्रयास, दोनों की हालत गंभीर, पटना रेफर

Updated:
विज्ञापन

दुर्घटना के बाद इलाज कराते पूर्व वार्ड पार्षद की पत्नी

सिलाव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पूर्व वार्ड पार्षद नंदकिशोर चौधरी और उनकी पत्नी मिनता देवी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, पत्नी की हालत चिंताजनक है.

विज्ञापन

silao road accident: सिलाव नगर पंचायत के पूर्व वार्ड पार्षद नंदकिशोर चौधरी और उनकी पत्नी मिनता देवी को शनिवार की अहले सुबह अज्ञात वाहन से कुचलने का प्रयास किये जाने का मामला सामने आया है. घटना में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गये. पत्नी मिनता देवी की हालत नाजुक बतायी जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है. वहीं, पूर्व वार्ड पार्षद नंदकिशोर चौधरी का इलाज पावापुरी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

टहलने के दौरान पीछे से मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह करीब चार बजे नंदकिशोर चौधरी अपनी पत्नी के साथ प्रतिदिन की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे. दोनों बिहारशरीफ-राजगीर मुख्य सड़क मार्ग पर टहलते हुए सिलाव नहर के समीप पहुंचे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया. हादसे में नंदकिशोर चौधरी और उनकी पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये.

स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सिलाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.

पावापुरी मेडिकल कॉलेज में पूर्व वार्ड पार्षद नंदकिशोर चौधरी का इलाज शुरू किया गया. वहीं, उनकी पत्नी मिनता देवी की हालत अधिक गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया.

इलाज करते | Prabhat Khabar Network
इलाज कराते पूर्व वार्ड पार्षद

सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है. परिजनों का कहना है कि घटना स्थल के आसपास कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं. सिलाव नहर के आसपास के अलावा श्रीराम आइटीआइ और बौद्ध मंदिर में भी सीसीटीवी कैमरे लगे होने की बात कही गयी है.

परिजनों ने पुलिस से इन सभी स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग की है. उनका कहना है कि फुटेज की जांच से घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान होने की संभावना है.

दुर्घटना या जानबूझकर निशाना बनाने की चर्चा

घटना महज सड़क दुर्घटना है या पूर्व वार्ड पार्षद और उनकी पत्नी को जानबूझकर निशाना बनाया गया, इसे लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. हालांकि, घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

आवेदन मिलने के बाद होगी जांच : पुलिस

पुलिस ने बताया कि घटना को लेकर अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. फिलहाल पति-पत्नी के गंभीर रूप से घायल होने से परिवार में चिंता और मायूसी का माहौल है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन