नालंदा के सिलाव में नाई संघ की बैठक, समाज को एकजुट करने और संगठन मजबूत करने पर जोर
नाई समाज का बैठक
सिलाव में अखिल भारतीय नाई संघ की बैठक में समाज की वर्तमान स्थिति, संगठन को मजबूत करने और व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई. महंगाई के अनुरूप सेवा शुल्क में बदलाव और युवाओं को जोड़ने पर जोर दिया गया.
Barber Union: अखिल भारतीय नाई संघ ट्रेड यूनियन की बैठक शनिवार को सिलाव स्थित श्री हिंदी पुस्तकालय के सभागार में आयोजित की गयी. बैठक में नालंदा जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा समेत सिलाव प्रखंड क्षेत्र के नाई समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए. इस दौरान समाज की वर्तमान स्थिति, संगठन को मजबूत करने, लोगों को एकजुट करने और व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी.
गांव-गांव संपर्क कर लोगों को संघ से जोड़ने पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने कहा कि नाई समाज आज भी कई क्षेत्रों में पिछड़ा हुआ है. समाज के लोगों को संगठित और जागरूक करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से गांव-गांव जाकर नाई समाज के लोगों से संपर्क किया जाएगा और उन्हें संघ से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि इसके बाद सभी प्रखंडों में संगठन को मजबूत करने के लिए अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा.
महंगाई के अनुसार सेवा शुल्क में बदलाव पर चर्चा
रंजीत कुमार शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जबकि बाल काटने, दाढ़ी बनाने और मसाज समेत अन्य सेवाओं का शुल्क लंबे समय से अपेक्षाकृत कम है. महंगाई और बढ़ती लागत को देखते हुए इन सेवाओं के शुल्क में आवश्यक बदलाव को लेकर बैठक में विचार-विमर्श किया गया. इस दौरान समाज के लोगों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे.
एकजुटता को बताया समाज के विकास की कुंजी
बैठक में मौजूद विकास कुमार शर्मा ने कहा कि किसी भी समाज के विकास के लिए एकजुटता सबसे जरूरी है. समाज के लोग संगठित रहेंगे, तभी अपनी समस्याओं को मजबूती से उठा सकेंगे और उनके समाधान की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे. उन्होंने संघ को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया.
युवाओं को संगठन से जोड़ने पर जोर
बैठक में वक्ताओं ने समाज के युवाओं को संगठन से जोड़ने, सामाजिक एकता कायम करने और नाई समाज से जुड़े लोगों की समस्याओं को सामूहिक रूप से उठाने की आवश्यकता बतायी. इस दौरान संगठन के आगामी कार्यक्रमों और प्रखंड स्तर पर कमेटी गठन को लेकर भी चर्चा की गयी.
मौके पर बड़ी संख्या में नाई समाज के लोग मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए