नालंदा: सन्नी पासवान हत्याकांड पर सियासी हलचल, मंत्री-सांसद पहुंचे पीड़ित परिवार के घर, सुरक्षा और न्याय का दिलाया भरोसा

Updated:
विज्ञापन
पीड़ित परिवार से मिलते मंत्री , सांसद एवं विधायक  मृतक की पत्नी का रो ग्राम रोकर बेहोश , प्रेस से मुक्त मुखातिब मंत्री | Prabhat Khabar Network

पीड़ित परिवार से मिलते मंत्री , सांसद एवं विधायक मृतक की पत्नी का रो ग्राम रोकर बेहोश , प्रेस से मुक्त मुखातिब मंत्री | Prabhat Khabar Network

नालंदा में हत्या के बाद मंत्री संजय पासवान और सांसद कौशलेंद्र कुमार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई।

विज्ञापन

Nalanda News : नालंदा जिले के खोदागंज थाना क्षेत्र के सेरथुआखुर्द गांव में हुए चर्चित सन्नी पासवान हत्याकांड के बाद शनिवार को प्रदेश के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान, नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार और इस्लामपुर विधायक रूहेल रंजन पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. जनप्रतिनिधियों ने मृतक के परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहायता और जल्द न्याय दिलाने का भरोसा दिया.

परिजनों से ली घटना की पूरी जानकारी

जनप्रतिनिधियों ने मृतक के पिता देवनंदन पासवान, भाई रक्कू पासवान और अन्य ग्रामीणों से घटना की पूरी जानकारी ली. मंत्री संजय पासवान ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार भय के माहौल में जी रहा है, इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी. साथ ही भरोसा दिलाया कि पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाएगी.

एसपी से फोन पर की बात, मुआवजे की भी मांग

सांसद कौशलेंद्र कुमार ने मौके से ही नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी से दूरभाष पर बातचीत कर पीड़ित परिवार की सुरक्षा बढ़ाने और नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने के लिए भी पहल की जाएगी.

लोजपा (रामविलास) का शिष्टमंडल भी पहुंचा

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का पांच सदस्यीय शिष्टमंडल भी गांव पहुंचा. इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष विभूति भूषण पासवान, कैप्टन नंद कुमार पासवान, प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष शोभा सिन्हा, परशुराम पासवान और जिलाध्यक्ष सतेंद्र मुकुट शामिल थे. नेताओं ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. इस दौरान मृतक की पत्नी ममता देवी का रो-रोकर बुरा हाल था, जिससे गांव का माहौल बेहद भावुक हो गया.

बड़ी संख्या में पहुंचे जनप्रतिनिधि और ग्रामीण

मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, जदयू जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद, जिला सचिव संजय साहू, पैक्स अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद उर्फ टुनटुन, पूर्व मुखिया उदय कुमार हिमांशु, पूर्व लोजपा जिलाध्यक्ष राजू पासवान, मुकेश पासवान, रामरतन पासवान, कुणाल पासवान, दीनानाथ यादव समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे.

एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

गौरतलब है कि 27 जुलाई को हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े सूरज पासवान उर्फ सन्नी पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी थी. मामले में पुलिस उपाधीक्षक (हिलसा-2) ऋषिराज कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. वहीं अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन