नालंदा : इसलामपुर में 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान, सैकड़ों लोगों ने नशे से दूर रहने की ली शपथ
नशा मुक्ति प्रतिज्ञा का संकल्प दिलाते भाजपा नेता | Prabhat Khabar Network
नालंदा के इस्लामपुर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा चलाए जा रहे '10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान' के तहत सैकड़ों लोगों ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया. इस अभियान का उद्देश्य सकारात्मक जीवन मूल्यों और राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से नशामुक्त भारत का निर्माण करना है.
Nalanda News : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में मंगलवार को स्थानीय नगर के गया रोड स्थित वृंदावन वाटिका मैरिज हॉल के सभागार में आयोजित "10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान" का भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, भाजपा नेता विजय विश्वकर्मा एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी की किरण बहन जी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.
इस अवसर पर उपस्थित सैकड़ों महिला एवं पुरुष नागरिकों ने "राष्ट्रीय नशा मुक्ति प्रतिज्ञा" लेकर स्वयं सभी प्रकार के नशों से दूर रहने तथा अपने परिवार, समाज और अन्य लोगों को भी नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया.
अतिथियों के संबोधन और जनजागृति पर जोर
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल कानून अथवा सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, क्योंकि नशा हमारे परिवार में अनेक प्रकार की परेशानियां लाता है. इसीलिए हम यह प्रयास करेंगे कि कम से कम 500 लोगों को नशा से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जागरूक कर सकें.
विशिष्ट अतिथि विजय विश्वकर्मा ने कार्यक्रम में नशे के समाधान के रूप में कहा कि केवल नियंत्रण नहीं, बल्कि सभी नागरिकों एवं संस्थाओं से इस राष्ट्रीय महाअभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया.
ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की राष्ट्रीय पहल और भागीदारी
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय के साथ संपन्न आधिकारिक समझौता ज्ञापनों के माध्यम से ब्रह्माकुमारीज़ राष्ट्रीय पहलों में सहभागी संस्था के रूप में देश भर में जनजागरूकता, मूल्य शिक्षा एवं राजयोग मेडिटेशन के द्वारा सक्रिय योगदान दे रही है.
राजयोग मेडिटेशन और आंतरिक शक्ति का महत्व
ब्रह्माकुमारी किरण बहन ने कहा कि नशे की स्थायी रोकथाम केवल नियंत्रण या दवाइयों से संभव नहीं है; तनाव, अकेलापन, निराशा, नकारात्मक सोच तथा जीवन में उद्देश्य की कमी जैसी परिस्थितियां व्यक्ति को नशे की ओर ले जाती हैं.
राजयोग मेडिटेशन व्यक्ति के आत्मबल, आत्मसम्मान, निर्णय क्षमता, भावनात्मक संतुलन तथा सकारात्मक सोच को सशक्त बनाकर उसे नशामुक्त, स्वस्थ एवं मूल्यनिष्ठ जीवन अपनाने की आंतरिक शक्ति प्रदान करता है.
महाअभियान का उद्देश्य और उपस्थित गणमान्य लोग
संस्था का 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान अगस्त-सितंबर 2026 के दौरान देशभर में चरणबद्ध रूप में आयोजित किया जा रहा है. इसका उद्देश्य जन जागरूकता, सकारात्मक जीवन-मूल्यों, राजयोग मेडिटेशन, युवा सहभागिता एवं उत्तरदायी नागरिकता के माध्यम से नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में जन भागीदारी को सशक्त बनाना है.
"10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान" में लोजपा प्रखंड अध्यक्ष कुणाल पासवान, सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश कुमार एवं संजय यादव सम्मिलित हुए तथा ब्रह्माकुमारी किरण दीदी, ब्रह्माकुमारी मनीषा बहन, ब्रह्माकुमारी निधि बहन, ब्रह्माकुमारी दीपा बहन, ब्रह्माकुमारी चंचल बहन, ब्रह्माकुमार रामाशीष भाई, ब्रह्माकुमार ओमप्रकाश भाई, ब्रह्माकुमार मनोज भाई सहित अन्य सैकड़ों भाई-बहन उपस्थित थे.
Also Read : मोकामा रेल पुल पर एनआई कार्य के कारण सितंबर में बदलेगा ट्रेनों का रूट, गया जी के रास्ते चलेंगी कई ट्रेनें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










