नालंदा : एक महीने से नल-जल योजना ठप, पानी के लिए भटक रहे ग्रामीण, अब आंदोलन की चेतावनी

Updated:
विज्ञापन
नालंदा: नल-जल ठप, पानी के लिए गांववासी परेशान

AI इमेज | Prabhat Khabar Network

नालंदा के हिलसा प्रखंड के खड्डी गांव में पिछले एक महीने से गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है. नल-जल योजना की मोटर खराब होने से पानी की आपूर्ति ठप है, जिससे सैकड़ों परिवार परेशान हैं. ग्रामीण जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

नालंदा के हिलसा प्रखंड की अषाढ़ी पंचायत के वार्ड संख्या 4 स्थित खड्डी गांव में पिछले एक महीने से गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है. नल-जल योजना की मोटर खराब होने के कारण पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे गांव के सैकड़ों परिवार बुरी तरह प्रभावित हैं.

छह महीने पहले हुई थी बोरिंग, एक महीने से आपूर्ति बंद

ग्रामीणों के अनुसार छह महीने पहले गांव में बोरिंग कराकर मोटर डाली गई थी. यह मोटर एक महीने पहले खराब हो गई, जिसके बाद से पानी की आपूर्ति बंद पड़ी है.

जलापूर्ति बाधित होने से लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है और उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

ग्रामीणों ने जताया रोष, पीएचईडी व जनप्रतिनिधियों को दी सूचना

बुधवार को खड्डी गांव निवासी राहुल पासवान, गौतम कुमार, शिव पासवान, शशि कुमार, जलेन्द्र जमादार, बालवील जमादार, विकास कुमार, सूरज राम, सोनू राम, सिक्कू राम और डील्लू बिंद सहित कई ग्रामीणों ने रोष व्यक्त किया.

उन्होंने आरोप लगाया कि मोटर खराब होने से बोरिंग नहीं चल पा रही है. इस संबंध में पंचायत प्रतिनिधियों और पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता को कई बार सूचना दी जा चुकी है. ग्रामीणों ने जल्द से जल्द मोटर की मरम्मत कराने या उसे बदलकर जलापूर्ति सुचारु करने की मांग की है.

बिजली कनेक्शन न मिलने से बाधित है आपूर्ति: कार्यपालक अभियंता

इस संबंध में पीएचईडी कार्यालय के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि बोरिंग के बाद मोटर डाल दी गई है, लेकिन बिजली कनेक्शन नहीं मिलने और बिजली पोल बोरिंग तक न पहुंचने के कारण जलापूर्ति बाधित है.

उन्होंने बताया कि इस संबंध में बिजली विभाग को सूचित कर दिया गया है और आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का समाधान कर योजना चालू कर दी जाएगी.

ग्रामीणों ने पीएचईडी के दावे को बताया गलत, आंदोलन की दी चेतावनी

वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि पानी की किल्लत के कारण नल-जल की बोरिंग होने के बाद सभी ग्रामीणों ने मिलकर बांस के सहारे बिजली का तार मोटर तक ले जाकर उसे चालू कर दिया था.

उनका स्पष्ट आरोप है कि एक महीने से मोटर खराब होने के कारण ही जलापूर्ति बाधित है, न कि बिजली कनेक्शन की वजह से. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र जलापूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के साथ-साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

Also Read : गया जी : नीट पेपर लीक विरोध के बीच चाकन्द में पुलिस अलर्ट, डीएसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा


विज्ञापन
Santosh Kumar

लेखक के बारे में

By Santosh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन