नालंदा : 9 से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान, स्कूल-कॉलेजों से सरकारी कार्यालयों तक होंगे कार्यक्रम
हर घर तिरंगा (सांकेतिक तस्वीर)
स्वतंत्रता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 9 से 17 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान चलेगा. इसका उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाना है. जिला प्रशासन ने स्कूलों, सरकारी कार्यालयों और नागरिकों के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं.
Har Ghar Tiranga Campaign 2026 : स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर राज्य सरकार एवं भारत सरकार की ओर से 9 अगस्त से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले 'हर घर तिरंगा' अभियान के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के कार्यालयों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.
अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रभक्ति की भावना तथा आजादी के अमृतकाल के संकल्प से जोड़ना है.
जारी निर्देश के अनुसार भारत के ध्वज संहिता का पूर्ण पालन करते हुए सभी सरकारी कार्यालयों, संस्थानों एवं विभागों में राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण कराया जाएगा. सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने आवास पर भी तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा.
साथ ही उन्हें 'हर घर तिरंगा' अभियान के आधिकारिक पोर्टल पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा.
बच्चों की सक्रिय भागीदारी और देशभक्ति आधारित गतिविधियां
अभियान के दौरान बाल संरक्षण एवं बाल देखरेख संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, आवासीय विद्यालयों, स्कूलों एवं कॉलेजों के बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. इसके तहत पोस्टर निर्माण, चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी, देशभक्ति गीत एवं कविता पाठ, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली, दीवार चित्रांकन, पौधारोपण, पतंग निर्माण सहित विभिन्न देशभक्ति आधारित गतिविधियों का आयोजन कराया जाएगा.
प्रचार-प्रसार और प्रचार सामग्री की उपलब्धता
निर्देश में कहा गया है कि सभी कार्यालयों एवं संस्थानों में 'हर घर तिरंगा' अभियान से संबंधित बैनर, पोस्टर, स्टैंडी एवं अन्य प्रचार सामग्री प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित की जाए. अभियान के लिए आवश्यक प्रचार सामग्री अमृतकाल पोर्टल पर उपलब्ध 'हर घर तिरंगा 2026' लिंक से डाउनलोड की जा सकती है.
पोर्टल पर प्रतिवेदन अपलोड करने और जनभागीदारी के निर्देश
जिला प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रत्येक गतिविधि का विवरण, छायाचित्र एवं आवश्यक प्रतिवेदन समय पर संबंधित पोर्टल पर अपलोड किया जाए.
इसके अलावा अभियान के सफल आयोजन से संबंधित संक्षिप्त प्रतिवेदन एवं चयनित छायाचित्र राज्य मुख्यालय को भी उपलब्ध कराए जाएं, ताकि राज्य सरकार द्वारा समेकित प्रतिवेदन भारत सरकार को भेजा जा सके.
निर्देश में यह भी कहा गया है कि सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने कार्यालयों के साथ-साथ आवास एवं निवास क्षेत्रों में भी 'हर घर तिरंगा' अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें.
साथ ही अभियान से संबंधित गतिविधियों को नियमित रूप से पोर्टल पर अद्यतन करते हुए इसे जनभागीदारी का उत्सव बनाने की दिशा में प्रभावी पहल करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










