नालंदा: 40 साल से बसे परिवारों पर बेघर होने का संकट, DM से लगाई आशियाना बचाने की गुहार

कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
शेखपुरा जिले के गंगटी गांव के 40 वर्षों से बसे महादलित परिवारों पर बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के चौड़ीकरण के लिए मिले अतिक्रमण हटाने के नोटिस के बाद ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे हैं। उन्होंने डीएम से आशियाना बचाने की गुहार लगाई है।
Sheikhpura News : शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के गंगटी गांव में करीब 40 वर्षों से रह रहे महादलित परिवारों के सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है. राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के चौड़ीकरण के लिए मिले अतिक्रमण हटाने के नोटिस के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण, खासकर महिलाएं, कलेक्ट्रेट पहुंचीं और जिलाधिकारी से आशियाना बचाने की गुहार लगाई.
एक सप्ताह में घर खाली करने का मिला नोटिस
साको मांझी के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के चौड़ीकरण को लेकर उन्हें एक सप्ताह के भीतर अपने घर खाली करने का नोटिस दिया गया है. नोटिस मिलने के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और परिवार अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं.
40 वर्षों से रह रहे हैं, वैकल्पिक जमीन की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि जिस भूमि पर वे रह रहे हैं, वहां पहले से पीसीसी सड़क और नाला का निर्माण हो चुका है. उसके बाद बचे हिस्से में वे पिछले लगभग 40 वर्षों से घर बनाकर रह रहे हैं. बरसात के मौसम को देखते हुए उन्होंने प्रशासन से पहले वैकल्पिक जमीन उपलब्ध कराने और मकान निर्माण के लिए मुआवजा देने की मांग की है.
मजदूरी कर बनाया घर, अब उजड़ने का डर
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने वर्षों तक दूसरे राज्यों में मेहनत-मजदूरी कर तिनका-तिनका जोड़कर अपना आशियाना बनाया है. अब उनके पास रहने के लिए कोई दूसरी जगह नहीं है. महिलाओं ने कहा कि बिना पुनर्वास की व्यवस्था किए घर तोड़ना उनके परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा कर देगा.
अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी
गौरतलब है कि न्यायालय के आदेश के बाद जिला प्रशासन राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास अतिक्रमण हटाने के लिए मिशन मोड में अभियान चला रहा है. इसी अभियान के तहत प्रभावित परिवारों को नोटिस जारी किए गए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










