नालंदा: डीएम उदिता सिंह ने की जनप्रतिनिधियों संग बैठक, बस स्टैंड और वेंडिंग जोन के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
जन संवाद कार्यक्रम का फोटो.
जिलाधिकारी उदिता सिंह ने सिलाव प्रखंड कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता की. इस बैठक में बस स्टैंड, वेंडिंग जोन, नल-जल योजना और जमीन विवाद जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.
सिलाव. स्थानीय प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी उदिता सिंह की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस बैठक में प्रखंड, अंचल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. पंचायतों और नगर पंचायत क्षेत्र से आए जनप्रतिनिधियों ने इलाके की जनसमस्याओं को सीधे जिलाधिकारी के सामने रखा.
बस स्टैंड और वेंडिंग जोन की मांग प्रमुख
संवाद के दौरान सिलाव नगर पंचायत में स्थायी बस स्टैंड न होने का मुद्दा जोर-शोर से उठा. जनप्रतिनिधियों ने बताया कि मुख्य सड़क और बाजार क्षेत्र में वाहनों के बेतरतीब ठहराव से जाम की गंभीर स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को रोज जूझना पड़ता है. इसके साथ ही फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित करने के लिए एक निर्धारित वेंडिंग जोन बनाने की मांग की गई, ताकि अतिक्रमण पर रोक लग सके.

नल-जल योजना और जमीन विवाद पर जांच के आदेश
बैठक में नल-जल योजना की बदहाली का मामला भी उठाया गया. कई वार्डों में पाइपलाइन लीकेज और जलापूर्ति ठप होने की शिकायत पर डीएम से जांच की मांग की गई. इसके अलावा सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे और फर्जी दस्तावेजों से जुड़े मामले भी सामने आए. जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

प्रस्तावित बस स्टैंड स्थल का डीएम ने किया निरीक्षण
बैठक के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष जय लक्ष्मी के प्रस्ताव पर जिलाधिकारी ने मस्जिद के पास तालाब के समीप स्थित जमीन का भौतिक निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों से जमीन की स्थिति, दाखिल-खारिज और रसीद संबंधी जानकारी ली. डीएम ने स्पष्ट किया कि मृत भूस्वामियों के उत्तराधिकारियों के नाम नियमानुसार रसीद काटने का काम जारी है. इसके अलावा उन्होंने पात्र लाभुकों के राशन कार्ड में नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही.
Also Read: राजगीर: मेयार पैक्स चुनाव को लेकर मतदाता सूची प्रकाशित, 28 सितंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए