बारिश भी नहीं रोक सकी आस्था, बिहारशरीफ के पहाड़पुर में 171 कलशों के साथ निकली शोभायात्रा

कलश शोभायात्रा में भाग लेते श्रद्धालु
BiharSharif Akhand Kirtan :बिहारशरीफ में लगातार हो रही बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था अटूट रही. 171 कलशों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा और 24 घंटे के अखंड कीर्तन का शुभारंभ किया गया. ग्रामता पूजा के साथ क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई.
BiharSharif Akhand Kirtan : बिहारशरीफ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को नहीं डिगा सकी. नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-44 स्थित पहाड़पुर मोहल्ले में सोमवार को 171 कलशों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसके बाद 24 घंटे के अखंड कीर्तन का शुभारंभ हुआ.
पंचाने नदी से जलभरी के बाद शुरू हुआ अखंड कीर्तन
ढोल-नगाड़ों और धार्मिक जयघोष के बीच शोभायात्रा पहाड़पुर देवी स्थान से निकली. श्रद्धालु पूरे मोहल्ले का भ्रमण करते हुए पंचाने नदी के तट पर पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ जलभरी की गई. इसके बाद सभी श्रद्धालु कलश लेकर पुनः देवी स्थान पहुंचे, जहां कलश स्थापना के साथ 24 घंटे के अखंड कीर्तन का शुभारंभ हुआ.
ग्रामता पूजा के साथ सुख-समृद्धि की कामना
आयोजन समिति के सदस्य राजवीर ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठान के दौरान क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना के लिए पारंपरिक ग्रामता पूजा का भी आयोजन किया गया है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठान का हिस्सा बने.
जलजमाव के बावजूद नहीं टूटा श्रद्धालुओं का उत्साह
लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति बनी रही, लेकिन इसका असर शोभायात्रा पर नहीं पड़ा. श्रद्धालु हाथों में ध्वज और छाते लेकर अनुशासित ढंग से यात्रा में शामिल हुए. पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा.
सामूहिक सहभागिता से सफल हुआ आयोजन
स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं और इस बार भी बारिश आस्था के उत्साह को कम नहीं कर सकी. आयोजन समिति के अभिषेक कुमार, पंकज कुमार, शैलेंद्र कुमार उर्फ राइडर, अमन कुमार, निक्कू कुमार, वीरेश कुमार, अजीत कुमार, अंकुश कुमार, रोशन कुमार, धर्मेंद्र कुमार उर्फ गुरुजी, राहुल कुमार, राजवीर, प्रमोद कुमार, विक्की कुमार, रूपेश कुमार और गोलू कुमार सहित पहाड़पुर के सभी श्रद्धालुओं ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई.
Also Read : रोटरी क्लब ऑफ नालंदा को मिला नया नेतृत्व, पदस्थापन समारोह में हुई कई अहम घोषणाएं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










