हिलसा में मरम्मत के 15 दिन बाद ही टूटा नाली का ढक्कन, बच्चों के लिए बना खतरा
ट्रैक्टर से टूटा नाली का ढक्कन
राममूर्ति नगर में स्कूल जाने वाली गली में नालियों के टूटे ढक्कन लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं. मरम्मत के महज़ पखवाड़े भर बाद ही एक ढक्कन फिर से टूट गया, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
Nalanda News: शहर में नालियों के टूटे ढक्कन की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है. नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या पांच स्थित राममूर्ति नगर में गोल्डन वैली किड्स कैसल स्कूल जाने वाली गली में नाली का ढक्कन मरम्मत के महज एक पखवाड़े बाद ही टूट गया. गिट्टी व सीमेंट लदे ट्रैक्टर के गुजरने से ढक्कन क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आयी है. नाली का ढक्कन टूटने से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों समेत स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है.
मरम्मत के 15 दिन बाद ही दोबारा टूटा ढक्कन
स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूल जाने वाली गली में नाली का ढक्कन पहले से ही क्षतिग्रस्त था. शिकायत के बाद करीब 15 दिन पहले नगर परिषद की ओर से इसकी मरम्मत करायी गयी थी. लेकिन कुछ ही दिनों बाद भारी वाहन के गुजरने से ढक्कन दोबारा टूट गया. खुले नाले के कारण स्कूली बच्चों और राहगीरों के गिरने की आशंका बनी हुई है.
पहले भी कई बार क्षतिग्रस्त हो चुका है ढक्कन
पूर्व वार्ड पार्षद प्रतिनिधि प्रवीण कुमार ने बताया कि इस नाली का ढक्कन पहले भी कई बार क्षतिग्रस्त हो चुका है. विभाग को सूचना देने के बाद हाल में इसकी मरम्मत करायी गयी थी, लेकिन पखवाड़े भर में ही ट्रैक्टर के चक्के से ढक्कन पूरी तरह टूट गया. उन्होंने नगर परिषद से स्थायी और मजबूत ढक्कन लगाने की मांग की है, ताकि बार-बार मरम्मत कराने की स्थिति नहीं बने.
दो दिनों में करायी जायेगी मरम्मत
इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी रविशंकर कुमार ने मंगलवार को बताया कि गिट्टी व सीमेंट लदे ट्रैक्टर के गुजरने के कारण नाली का ढक्कन क्षतिग्रस्त हुआ है. उन्होंने कहा कि दो दिनों के अंदर नाली के ढक्कन की मरम्मत करा दी जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए