बिहारशरीफ: घर से खेलने निकले 10 वर्षीय मासूम की मौत, सूखे कुएं में मिला शव; गैस से दम घुटने की आशंका

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

बिहारशरीफ के मंडाछ गांव में घर से खेलने निकले 10 वर्षीय बालक का शव सूखे कुएं में मिला. जहरीली गैस से दम घुटने की जताई जा रही है आशंका. पुलिस जांच में जुटी.

विज्ञापन

Biharsharif News : नालंदा जिले के बिहारशरीफ इलाके में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक 10 साल के बच्चे का शव गांव के एक पुराने सूखे कुएं से बरामद हुआ. यह मामला नूरसराय थाना क्षेत्र के मंडाछ गांव का है, जहां मासूम के लापता होने के करीब एक दिन बाद उसकी लाश मिलने से पूरे गांव में शोक और सन्नाटा छा गया है. शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि कुएं में जमा जहरीली गैस की वजह से बच्चे की दम घुटने से मौत हुई, हालांकि असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी.

मृतक की पहचान मंडाछ गांव निवासी धर्मेंद्र यादव के 10 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार के रूप में की गई है. सौरभ के अचानक इस तरह लापता होने और फिर उसका शव मिलने से परिवार पूरी तरह टूट गया है.

खेलते-खेलते हुआ लापता

परिजनों के अनुसार, सौरभ बुधवार की शाम घर से खेलने के लिए निकला था. रोज की तरह वह मोहल्ले के बच्चों के साथ बाहर गया, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा.

जब काफी देर तक सौरभ का कोई पता नहीं चला, तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई. रातभर परिजन और गांव के लोग उसकी तलाश में जुटे रहे. आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और संभावित जगहों पर खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.

रातभर गांव में खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. गुरुवार को भी पूरे दिन आसपास के गांवों और नूरसराय बाजार तक सौरभ की तलाश की गई, मगर कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली. परिवार और ग्रामीण लगातार उसे ढूंढने में जुटे रहे.

खंडहरनुमा परिसर में मिला शव

गुरुवार की शाम खोजबीन के दौरान कुछ ग्रामीण गांव के अगजा खंधा स्थित एक पुराने और बंद पड़े बोरिंग परिसर में पहुंचे. यह जगह लंबे समय से वीरान पड़ी हुई थी. जब ग्रामीणों ने वहां मौजूद सूखे कुएं में झांककर देखा तो अंदर सौरभ का शव दिखाई दिया.

शव दिखते ही गांव में सनसनी फैल गई. देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया.

जहरीली गैस से दम घुटने की आशंका

ग्रामीणों के मुताबिक यह बोरिंग कई वर्षों से बंद पड़ा है और कुआं पूरी तरह सूख चुका है. उनका कहना है कि लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण कुएं में जहरीली गैस जमा हो गई होगी. आशंका है कि सौरभ खेलते-खेलते कुएं में गिर गया और गैस के प्रभाव से उसकी मौत हो गई.

हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा.

पुलिस और SDRF की टीम मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही नूरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया. कुएं की गहराई और संभावित जहरीली गैस को देखते हुए बचाव कार्य में काफी सावधानी बरती जा रही है.

शव को सुरक्षित निकालने के लिए SDRF टीम की मदद ली जा रही है. थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पूरी सतर्कता के साथ रेस्क्यू किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम के बाद की जाएगी.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सौरभ अपने परिवार में सबसे बड़ा था. वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा बेटा था. उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मां का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में चीख-पुकार मची हुई है.

इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है. लोग अब ऐसे खतरनाक और खुले पड़े कुओं को लेकर चिंता जता रहे हैं और प्रशासन से इन्हें सुरक्षित कराने की मांग कर रहे हैं.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन