बिहार में 17 सितंबर से शुरू होगा अभियान, घर-घर पहुंचेगी सरकार, ऑन-द-स्पॉट मिलेंगे 26 योजनाओं के लाभ

Updated:
विज्ञापन

17 सितंबर से शुरू होने वाले अभियान को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करते मुख्य सचिव

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Bihar Government Plans: बिहार में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू होने जा रहा है. इसके तहत सरकार लोगों तक सीधे पहुंचेगी. ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर शिविर लगाकर केंद्र की 26 प्रमुख योजनाओं समेत कई सरकारी सेवाओं का ऑन-द-स्पॉट निपटारा किया जाएगा.

विज्ञापन

Bihar Government Plans: बिहार सरकार 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करने जा रही है. यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा. इसकी शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी. इस दौरान राज्यभर में घरों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाए जाएंगे.

विज्ञापन

इसी के साथ 17 सितंबर से मार्च 2027 तक ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ भी चलेगा. इसके तहत सरकारी भवनों और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा. लोगों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं की सीधी पहुंच बनाने पर भी जोर रहेगा.

मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की

अभियान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. उन्होंने अभियान के सभी 13 प्रमुख घटकों की जानकारी ली. अधिकारियों को सभी तैयारियां तय समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया.

बैठक में सभी विभागों के प्रधान सचिव और सचिव के साथ जिलाधिकारी भी शामिल हुए. शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और पंचायती राज समेत नौ प्रमुख विभाग अभियान में अहम भूमिका निभाएंगे.

‘सेवा सेतु’ के जरिए सरकार पहुंचेगी आपके द्वार

अभियान के दौरान ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे. इसे ‘सेवा सेतु अभियान’ नाम दिया गया है. इन शिविरों में लोगों को सरकारी सेवाएं उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराने की कोशिश होगी.

केंद्र की 26 प्रमुख योजनाओं सहित अन्य सरकारी सेवाओं से जुड़े मामलों का मौके पर ही निपटारा किया जाएगा. इसका मकसद लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर से राहत देना है.

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’

अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी. 17 सितंबर की शाम घरों और कम से कम 10 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन किया जाएगा. इसके जरिए अभियान की शुरुआत को जनभागीदारी से जोड़ने की तैयारी है.

स्कूलों में चलेगा ‘सेवा चित्र’

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम होगा. इसमें ‘विकसित भारत संकल्प’ विषय पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. साथ ही अभिभावक-शिक्षक बैठक भी होगी.

इस कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों और अभिभावकों को अभियान से जोड़ने की योजना है.

नुक्कड़ नाटक से बताएंगे 25 साल का विकास

18 से 20 सितंबर तक ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम के तहत नाट्य टोलियां अलग-अलग जगहों पर नुक्कड़ नाटक करेंगी. इनमें पिछले 25 वर्षों के विकास कार्यों को दिखाया जाएगा. 2 अक्टूबर को विशेष मंचन भी होगा.

आंगनवाड़ी केंद्रों पर होगा ‘आंगनका मिलन’

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आयोजन होंगे. इसे ‘आंगनका मिलन’ नाम दिया गया है. इसके जरिए महिलाओं, बच्चों और परिवारों को आंगनवाड़ी सेवाओं से जोड़ने पर जोर रहेगा.

‘कहानी बदलाव की’ में दिखेगा योजनाओं का असर

‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं से लोगों की जिंदगी में आए बदलावों को सामने लाया जाएगा. इसके लिए वास्तविक रील्स और छोटे वीडियो का संकलन किया जाएगा.

युवा निकालेंगे ‘सेवा ज्योति यात्रा’

‘सेवा ज्योति यात्रा’ में युवा भारत के स्वयंसेवक शामिल होंगे. पदयात्रा, साइकिल और बाइक रैलियों का आयोजन किया जाएगा. इसमें युवाओं से 2047 के संकल्प को लेकर संवाद किया जाएगा.

‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ के पड़ाव पर कार्यक्रम

राष्ट्रव्यापी ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ जब बिहार से गुजरेगी, तो उसके पड़ाव वाले स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. यहां लोगों के साथ संवाद भी होगा.

तालाब और छठ घाटों की होगी सफाई

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत तालाबों और छठ घाटों की सफाई की जाएगी. पौधरोपण और स्वच्छता से जुड़ी 25 गतिविधियां भी आयोजित होंगी. इसका मकसद लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण से जोड़ना है.

‘सेवा सेतु’ में मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ

‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर लगाए जाएंगे. यहां सरकारी योजनाओं और सेवाओं से जुड़े मामलों का निपटारा किया जाएगा.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

108 मीटर व्यास का बनेगा ‘भारत मंडला’

‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम में मानव रंगोली बनाई जाएगी. इसके अलावा चयनित शहरों में 108 मीटर व्यास का ‘भारत मंडला’ तैयार किया जाएगा. इसकी ड्रोन से कवरेज भी की जाएगी.

स्टार्टअप्स को मिलेगा समस्याओं के समाधान का मौका

‘नवाचार चुनौती’ के तहत स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान मांगे जाएंगे. इसके लिए स्टार्टअप्स से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे. बेहतर और उपयोगी समाधान को आगे बढ़ाने की कोशिश होगी.

पंचायत और नगर निकाय प्रतिनिधियों का ‘जनसेवक महाकुंभ’

‘जनसेवक महाकुंभ’ में पंचायत और नगर निकायों के सक्रिय प्रतिनिधियों की राज्यस्तरीय सहभागिता होगी. इसका उद्देश्य जमीनी स्तर के जनप्रतिनिधियों को अभियान से जोड़ना है.

‘25 साल, 25 कहानियां’ में सामने आएंगी उपलब्धियां

‘25 साल, 25 कहानियां’ कार्यक्रम के तहत बिहार की प्रमुख उपलब्धियों को तथ्यात्मक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा. इसके लिए सामग्री और किट तैयार किए जाएंगे. इन्हें राष्ट्रीय स्तर पर वितरित किया जाएगा.

मार्च 2027 तक चलेगा कायाकल्प अभियान

‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ 17 सितंबर से मार्च 2027 तक चलेगा. इसके तहत नौ प्रमुख विभागों के भवनों और बुनियादी ढांचे का जीर्णोद्धार किया जाएगा.

सभी भवनों की मरम्मत का काम 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है. रंग-रोगन का काम दिवाली तक पूरा किया जाएगा. नए निर्माण कार्यों के लिए मार्च 2027 तक की समय-सीमा तय की गई है.

सरकार का फोकस जन-संवाद और प्रशासनिक सुधार पर

बिहार सरकार का यह अभियान सिर्फ कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा. इसके जरिए लोगों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की कोशिश होगी. साथ ही सरकारी भवनों और प्रशासनिक ढांचे को बेहतर करने पर भी जोर दिया जाएगा.

17 सितंबर से शुरू होने वाले अभियान में छात्र, युवा, महिलाएं, जनप्रतिनिधि और आम लोग अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए जुड़ेंगे. मार्च 2027 तक चलने वाला कायाकल्प अभियान सरकारी बुनियादी ढांचे में स्थायी सुधार की दिशा में काम करेगा.

Also Read: बिहार में 3 लाख शिक्षकों के ट्रांसफर का रास्ता साफ, 17 सितंबर से पसंद का स्कूल चुनने का मौका, जानें पूरी टाइमलाइन

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन