बिहार में घर खरीदने से पहले देखें RERA की नई रैंकिंग, कौन नंबर वन? देखें टॉप प्रोजेक्ट और बिल्डर

Updated:
विज्ञापन

RERA की नई रैंकिंग में कौन नंबर वन

Bihar RERA Latest Ranking: बिहार RERA ने रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स और बिल्डरों की नई रैंकिंग जारी की है. BRQ में एम्बिशन पैराडाइस पहले और BPQ में एम्बिशन होम्स टॉप पर है. यह रैंकिंग 30 अप्रैल 2026 तक मिले आंकड़ों के आधार पर तैयार हुई है. घर खरीदने वालों के लिए यह जानकारी काफी उपयोगी हो सकती है.

विज्ञापन

Bihar RERA Latest Ranking: बिहार रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी यानी RERA बिहार ने प्रोजेक्ट्स और बिल्डरों की नई रैंकिंग जारी की है. प्रोजेक्ट्स की रैंकिंग को बिहार रियल एस्टेट प्रोजेक्ट कोशेंट यानी BRQ और बिल्डरों की रैंकिंग को बिहार प्रमोटर्स कोशेंट यानी BPQ नाम दिया गया है. इस नई रैंकिंग में प्रोजेक्ट और प्रमोटर के काम को अलग-अलग आधार पर देखा गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

BRQ रैंकिंग में एम्बिशन पैराडाइस सबसे आगे

प्रोजेक्ट्स की रैंकिंग में एम्बिशन पैराडाइस ने पहला स्थान हासिल किया है. इसके बाद ग्रैंड सफायर दूसरे और नवनीत घराना तीसरे नंबर पर है. यह रैंकिंग 30 अप्रैल 2026 तक जमा किए गए तिमाही प्रगति रिपोर्ट यानी QPR में उपलब्ध जानकारी के आधार पर तैयार की गई है.

प्रोजेक्ट की रैंकिंग तय करते समय निर्माण की रफ्तार, जमा पैसे का इस्तेमाल और प्रोजेक्ट के प्रमोटर के खिलाफ दर्ज शिकायतों की संख्या जैसी बातों को देखा गया है. यानी रैंकिंग में यह समझने की कोशिश की गई है कि किसी प्रोजेक्ट का काम किस तरह आगे बढ़ रहा है और उससे जुड़ी स्थिति कैसी है.

टॉप 15 प्रोजेक्ट्स में कौन-कौन शामिल

BRQ की नई रैंकिंग में पहले स्थान पर एम्बिशन पैराडाइस, दूसरे पर ग्रैंड सफायर और तीसरे पर नवनीत घराना है. इसके बाद सुमित्रा एन्क्लेव, द एम्परर, उर्मिला एन्क्लेव, मां लक्ष्मी हेरिटेज, काजमी घराना, क्रिस्टल टावर, सूर्या सिग्नेचर, सनराइज रश्मि हाइट, सनराइज अशोका कॉम्प्लेक्स, लोटस प्लाजा, ऑर्बिट और एम्बिशन प्राइड को टॉप 15 में जगह मिली है.

प्रमोटरों की रैंकिंग में एम्बिशन होम्स नंबर वन

प्रमोटरों की नई BPQ रैंकिंग में एम्बिशन होम्स पहले स्थान पर है. कुमार बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड दूसरे और घराना एसोसिएट इन्फ्रा प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड तीसरे स्थान पर है. इस रैंकिंग में प्रमोटर की ओर से पूरे किए गए प्रोजेक्ट्स, निर्माण का क्षेत्र, समय पर काम पूरा करने और दर्ज मामलों जैसी बातों के आधार पर अंक दिए गए हैं.

BPQ की टॉप 15 सूची में इसके बाद सनराइज साईं डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, दीपश्री प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड, एसके बिल्डर्स एंड कॉलोनाइजर प्राइवेट लिमिटेड, अपर्णा आर्किटेक्ट प्राइवेट लिमिटेड, दीप शीतल इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड, सूर्या नेस्टबिल्ड लिमिटेड, साईं कृपा रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड, हीरा पन्ना इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, वीनस स्तर कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड, दुर्गा अर्बन प्रोजेक्ट्स एलएलपी, मुंडेश्वरी मल्टीकॉन प्राइवेट लिमिटेड और नूतन कंस्ट्रक्शन शामिल हैं.

यह रैंकिंग सातवीं बार जारी हुई

RERA बिहार की यह रैंकिंग सीरीज की सातवीं रैंकिंग है. इसकी शुरुआत जुलाई 2024 में पहली सूची जारी करने के साथ हुई थी. RERA बिहार का कहना है कि देश के अलग-अलग राज्यों में काम कर रहे RERA प्राधिकरणों में इस तरह की रैंकिंग जारी करने वाला वह पहला प्राधिकरण है.

QPR भरने का तरीका भी बदला

जुलाई से सितंबर 2025 की तिमाही से प्रमोटरों के लिए QPR जमा करने का तरीका भी बदला गया है. अब प्रमोटरों को RERA पोर्टल पर दिए गए फॉर्मेट में ऑनलाइन जानकारी भरनी होती है. इससे सभी QPR एक ही फॉर्मेट में जमा हो रहे हैं. इसका फायदा यह है कि रिपोर्ट की जानकारी को समझना और उसके आधार पर रैंकिंग तैयार करना आसान हो गया है.

इस नई व्यवस्था से घर खरीदने वालों को भी फायदा मिलेगा. किसी प्रोजेक्ट में बुकिंग करा चुके ग्राहक अब QPR की जानकारी को ज्यादा आसानी से देख और समझ सकते हैं.

रैंकिंग के नियमों में भी बदलाव

पिछली रैंकिंग से मिले अनुभव और लोगों से मिले सुझावों के आधार पर रैंकिंग में इस्तेमाल होने वाले नियमों में भी बदलाव किया गया है. RERA बिहार ने इन मानकों को इस तरह बेहतर करने की कोशिश की है, जिससे किसी प्रोजेक्ट और प्रमोटर की स्थिति की तस्वीर ज्यादा साफ तरीके से सामने आ सके.

घर खरीदने वालों के लिए भी काम की जानकारी

RERA बिहार के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने नई रैंकिंग जारी करते हुए कहा कि प्रोजेक्ट और प्रमोटर की रैंकिंग शुरू करने के बाद अब QPR जमा करने की प्रक्रिया को भी ज्यादा आसान और व्यवस्थित किया गया है. इससे प्रमोटरों को जानकारी भरने में सुविधा होगी और घर खरीदने वाले लोग प्रोजेक्ट की प्रगति को आसानी से समझ सकेंगे.

उन्होंने बताया कि रैंकिंग के नियमों को तैयार करने से पहले उन पर काफी विचार किया गया. प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इन नियमों पर विस्तार से चर्चा करने के बाद उन्हें अंतिम रूप दिया.

मोबाइल पर भी देख सकते हैं प्रोजेक्ट की जानकारी

RERA बिहार ने घर खरीदने वालों से अपील की है कि अगर उन्होंने किसी रजिस्टर्ड प्रोजेक्ट में बुकिंग कराई है, तो वे RERA बिहार की वेबसाइट पर अपनी और प्रोजेक्ट से जुड़ी जरूरी जानकारी देकर QPR का सार अपने मोबाइल फोन पर देख सकते हैं. इससे घर बैठे प्रोजेक्ट की स्थिति जानना आसान हो जाएगा.

RERA बिहार की नई वेबसाइट में प्रोजेक्ट और प्रमोटर की रैंकिंग को ‘आम लोग’ यानी For The Public सेक्शन में रखा गया है. इसका मकसद यह है कि घर खरीदने से पहले लोग प्रोजेक्ट और प्रमोटर से जुड़ी जानकारी देखकर बेहतर फैसला ले सकें.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

वेबसाइट को भी नए तरीके से तैयार किया गया

RERA बिहार की वेबसाइट में हाल के दिनों में कई बदलाव किए गए हैं. वेबसाइट को आम लोग, गृह क्रेता, प्रमोटर और रियल एस्टेट एजेंट जैसे चार हिस्सों में बांटा गया है. आम लोगों वाले सेक्शन में रजिस्टर्ड प्रोजेक्ट्स, प्रमोटर और प्रोजेक्ट की रैंकिंग, रजिस्टर्ड एजेंटों की जानकारी और जागरूकता से जुड़ी छोटी फिल्मों के लिंक दिए गए हैं. इसका मकसद घर खरीदने वालों को जरूरी जानकारी एक ही जगह उपलब्ध कराना है.

इसे भी पढ़ें: TRE-4 की पीटी में बदल सकता है सिलेबस, बिहार से होंगे 30% प्रश्न, शिक्षा विभाग ने BPSC को भेजा पत्र


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन