Bihar Politics: रोहिणी आचार्य का CM नीतीश से सीधा सवाल-अपराधियों को डर क्यों नहीं?

Updated at : 24 Jan 2026 2:36 PM (IST)
विज्ञापन
Rohini Acharya's direct question to CM Nitish

Rohini Acharya's direct question to CM Nitish

Bihar Politics: सारण में नाबालिग से दुष्कर्म और पटना में युवती को जिंदा जलाने की घटनाओं ने महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इन मामलों को लेकर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला किया है.

विज्ञापन

Bihar Politics: बिहार में एक बार फिर बेटियों की सुरक्षा को लेकर सियासत गरमा गई है. लालू यादव की बेटी और राजद नेता रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा और तीखा हमला बोला है.

उन्होंने सवाल किया है कि जब सरकार “कानून के राज” का दावा करती है, तो फिर बिहार में बेटियों के खिलाफ अपराध क्यों थमने का नाम नहीं ले रहे? सारण और पटना की हाल के घटनाओं का जिक्र करते हुए रोहिणी ने सरकार की संवेदनशीलता और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

“कानून के राज” पर रोहिणी का बड़ा सवाल

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को टैग करते हुए लिखा कि यह बेहद शर्मनाक है कि कानून व्यवस्था के तमाम दावों के बावजूद बिहार में बेटियां आज भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं. उन्होंने कहा कि राज्य में लगभग रोज बहन-बेटियों के साथ अत्याचार, दुराचार और यौन उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार मानो गहरी नींद में सोई हुई है.

उनका कहना था कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकारी और प्रशासनिक उदासीनता साफ दिखाई दे रही है. यही वजह है कि अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और बिहार बहन-बेटियों के लिए असुरक्षित बनता जा रहा है.

अपराधियों में क्यों नहीं है कानून का डर?

रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री से तीखे सवाल पूछते हुए कहा कि क्या बिहार में अपराधियों को कानून का रत्तीभर भी भय नहीं रह गया है. उन्होंने पूछा कि आपके तमाम निर्देशों और सख्त दावों के बावजूद बेटियों के खिलाफ हिंसक और यौन अपराध क्यों नहीं रुक रहे हैं. क्या अपराधियों के मन में यह धारणा बन चुकी है कि वे अपराध करने के बाद भी आसानी से बच जाएंगे?

यह सवाल केवल राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि राज्य की कानून व्यवस्था पर एक गंभीर टिप्पणी के रूप में देखा जा रहा है, जो सीधे प्रशासन की कार्यक्षमता पर सवाल खड़ा करता है.

सारण और पटना की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता

रोहिणी आचार्य ने अपनी पोस्ट में दो दिल दहला देने वाली घटनाओं का जिक्र किया है. एक मामला सारण जिले का है, जहां एक नाबालिग के गले पर चाकू रखकर तीन युवकों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया. यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था की पोल खोलती है, बल्कि समाज में बेटियों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता भी पैदा करती है.

दूसरी घटना राजधानी पटना की है, जहां एक युवती को जिंदा जलाने की खबर सामने आई है. यह मामला यह बताता है कि अपराध अब सिर्फ दूर-दराज के इलाकों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राजधानी तक में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं.

रोहिणी का यह हमला ऐसे समय आया है जब बिहार की राजनीति में सुरक्षा, सुशासन और महिला सशक्तिकरण को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं. ऐसे में उनके सवाल सरकार के लिए असहज करने वाले हैं.

सरकार के दावों और जमीनी हकीकत के बीच दूरी

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अक्सर बिहार में सुशासन और महिला सशक्तिकरण की बात करते रहे हैं. शराबबंदी से लेकर महिला आरक्षण तक, कई फैसलों को महिलाओं की सुरक्षा से जोड़कर देखा गया. लेकिन रोहिणी आचार्य का कहना है कि ये सभी दावे तब खोखले लगते हैं, जब रोज बेटियों के साथ अपराध की खबरें सामने आती हैं.

अब सवाल यह है कि क्या सरकार इन आरोपों पर कोई ठोस और प्रभावी जवाब दे पाएगी, या फिर यह मुद्दा भी कुछ दिनों की सियासी बहस बनकर रह जाएगा.

Also Read: Bihar Politics: सरस्वती पूजा पंडाल में बेटे को देख मुस्कुराए नीतीश, ललन सिंह बोले- अब इन्हें राजनीति में आने दीजिए

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन