राबड़ी देवी के सरकारी बंगले के मोह पर बोले CM सम्राट, ‘पद छूटते ही 24 घंटे में छोड़ दूंगा सरकारी आवास’

Updated:
विज्ञापन
bihar news

सम्राट चौधरी और राबड़ी देवी

Bihar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सरकारी आवास को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पद छूटते ही वह 24 घंटे के भीतर सरकारी आवास खाली कर देंगे. CM ने बिना नाम लिए राबड़ी देवी पर तंज कसते हुए कहा कि सरकारी बंगला किसी की बपौती नहीं है. जनता की सेवा ही उनकी प्राथमिकता है, आवास नहीं.

विज्ञापन

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सरकारी आवास को लेकर विपक्ष, खासकर राजद पर तीखा हमला बोला है. शेखपुरा और मुजफ्फरपुर में आयोजित ‘सहयोग शिविर‘ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि सरकारी आवास किसी की बपौती नहीं है और पद छोड़ने के 24 घंटे के भीतर वह सरकारी बंगला खाली कर देंगे. इस दौरान उन्होंने कई बड़ी विकास योजनाओं और घोषणाओं का भी ऐलान किया.

“24 घंटे में खाली कर दूंगा बंगला”- CM का बड़ा बयान

सम्राट चौधरी और राबड़ी देवी विवाद

शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड स्थित सामस बुजुर्ग पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्हें कभी भी सरकारी आवास का मोह नहीं रहा. उन्होंने कहा कि जिस दिन पार्टी और नेतृत्व उन्हें बताएगा कि उनका काम समाप्त हो गया है, वह 24 घंटे के भीतर अपना सामान उठाकर अपने निजी आवास में चले जाएंगे.

पूर्व CM पर निशाना, बोले- कुछ लोगों को बंगले से है मोह

मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए पूर्व मुख्यमंत्री और राजद पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोगों को सरकारी बंगले से अत्यधिक लगाव हो गया है. उन्होंने कहा कि बेटा के लिए अलग घर और माता के लिए अलग घर चाहिए, लेकिन जनता की सेवा से ज्यादा ध्यान बंगले पर है. उन्होंने विपक्ष से जनता की समस्याओं पर ध्यान देने की अपील की.

11 सरकारी आवास मिले, फिर भी निजी घर में रहा- CM

सम्राट चौधरी का निजी घर की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री और विधायक रहते हुए उन्हें 11 अलग-अलग सरकारी आवास आवंटित किए गए थे, लेकिन वह हमेशा अपने 2400 वर्गफीट के निजी मकान में ही रहे. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री आवास को “लोक सेवक आवास” का नाम दिया है.

मुजफ्फरपुर को मिला बड़ा तोहफा, ‘तिरहुत’ टाउनशिप

तिरहुत’ टाउनशिप

मुजफ्फरपुर के मोतीपुर प्रखंड में आयोजित सहयोग शिविर में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि तिरहुत क्षेत्र में 22 हजार एकड़ भूमि पर नई सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएगी. इसका नाम ‘तिरहुत’ रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में रोजगार, निवेश और शहरी विकास को नई गति मिलेगी.

मुजफ्फरपुर में विकास का मेगा प्लान

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट का जल्द शिलान्यास किया जाएगा. इसके अलावा वर्ष 2030 तक बिहार में 25 चीनी मिलों को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है. तीन चीनी मिलों को शुरू करने का फैसला हो चुका है और चौथी चीनी मिल मोतीपुर में स्थापित की जाएगी.

शेखपुरा में जल्द बनेगा मेडिकल कॉलेज

‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने शेखपुरा में 50 करोड़ रुपये से अधिक की 62 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. उन्होंने घोषणा की कि अगली बार जिले के दौरे के दौरान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का शिलान्यास किया जाएगा.

शेखपुरा-बरबीघा में बनेगी नई टाउनशिप

मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखपुरा और बरबीघा के बीच एक आधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएगी. साथ ही बक्सर से भागलपुर तक नई सड़क परियोजना की व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार की जा रही है. यह सड़क बक्सर, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, राजगीर, शेखपुरा, जमुई होते हुए भागलपुर तक पहुंचेगी.

शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी, जून में होगा तबादला

मुख्यमंत्री ने कहा कि जून माह में ही महिला शिक्षकों को उनके पंचायत के समीपवर्ती पंचायतों और पुरुष शिक्षकों को उनके प्रखंड के निकटवर्ती प्रखंडों में पदस्थापित किया जाएगा. इससे शिक्षकों को अपने घर के पास सेवा देने का अवसर मिलेगा.

महिलाओं को रोजगार के लिए आवेदन करने की अपील

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता नहीं मिली है, वे तुरंत आवेदन करें. सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है.

सहयोग शिविर में लाभुकों को सौंपे गए योजनाओं के लाभ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक कार्ड और सहायता सामग्री वितरित की. इस मौके पर समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

ALSO READ: पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग, गार्ड घायल; प्रतिद्वंद्वी संस्थान पर जताया शक

विज्ञापन
करुणा तिवारी

लेखक के बारे में

By करुणा तिवारी

करुणा तिवारी पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और टीवी तथा डिजिटल मीडिया दोनों में व्यापक अनुभव रखती हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दूरदर्शन बिहार (Doordarshan Bihar) से की, जहां समाचारों की प्रस्तुति, रिपोर्टिंग और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम करते हुए उन्होंने पत्रकारिता की मजबूत नींव तैयार की. इसके बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर कदम बढ़ाया और बदलते न्यूज़ इकोसिस्टम के अनुरूप खुद को लगातार विकसित किया.

वर्तमान में करुणा तिवारी प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. यहां वह बिहार की राजनीति, अपराध, प्रशासन, शिक्षा, रोजगार, मौसम,पर्यटन और समसामयिक मुद्दों पर तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं फीचर लेख तैयार करती हैं. उनकी कोशिश रहती है कि हर खबर केवल सूचना तक सीमित न रहे, बल्कि पाठकों को उसका व्यापक संदर्भ और प्रभाव भी समझा सके.

डिजिटल पत्रकारिता में SEO-फ्रेंडली कंटेंट के अनुरूप समाचार लेखन और पाठकों की रुचि को ध्यान में रखते हुए आकर्षक एवं उपयोगी कंटेंट लिखती है. वे समाचारों के लिए प्रभावशाली हेडलाइन, सटीक सबहेडिंग और पाठकों की जरूरत के अनुरूप सरल एवं स्पष्ट भाषा का उपयोग करती हैं. समयबद्धता, तथ्यों की पुष्टि और निष्पक्षता उनके कार्य की प्रमुख विशेषताएं हैं.

इन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों पर काम करना पसंद है. चुनावी गतिविधियों, सरकारी योजनाओं, स्थानीय समस्याओं और आम लोगों से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी नजर रहती है. उनका मानना है कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि समाज को सही, संतुलित और भरोसेमंद जानकारी उपलब्ध कराना भी है.

लगातार सीखने और खुद को बेहतर बनाने की सोच के साथ करुणा तिवारी आधुनिक डिजिटल पत्रकारिता की नई तकनीकों और ट्रेंड्स को अपनाते हुए पाठकों तक गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय कंटेंट पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन