भोजपुर जिले के पीरो रजिस्ट्री ऑफिस में दिनदहाड़े चली गोलियां,जमीन विवाद में 6 घायल

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया
Bihar News: बिहार के भोजपुर जिले के पीरो स्थित रजिस्ट्री ऑफिस के परिसर में मंगलवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन विवाद को लेकर बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दी. इस घटना में एक प्रॉपर्टी डीलर समेत छह लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है.
Bihar News: भोजपुर जिले के पीरो से एक दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां रजिस्ट्री ऑफिस में अपराधियों ने दिनदहाड़े तांडव मचाया. जमीन के एक पुराने विवाद ने मंगलवार को खूनी रूप ले लिया, जब रजिस्ट्री ऑफिस परिसर गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा.
राइफल से हुई अंधाधुंध फायरिंग में एक प्रॉपर्टी डीलर समेत छह लोग लहूलुहान हो गए. इस वारदात ने न केवल प्रशासनिक सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.
रजिस्ट्री ऑफिस में अचानक फायरिंग
घटना दोपहर करीब ढाई बजे पीरो निबंधन कार्यालय के पिछले हिस्से में हुई. स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक गोलीबारी शुरू होते ही परिसर में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
प्रॉपर्टी डीलर समेत 6 घायल, तीन की हालत नाजुक
घायलों में प्रॉपर्टी डीलर जीतू यादव, उनके भाई सतेंद्र यादव उर्फ मलख यादव, पिंटू उर्फ कच्चे कुमार और चरपोखरी के रितेश दुबे समेत अन्य लोग शामिल हैं. जीतू यादव के गर्दन में गोली लगी है, जबकि रितेश दुबे का हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया.
अन्य घायलों को भी शरीर के अलग-अलग हिस्सों में गोली लगी है. सभी को पहले पीरो अस्पताल ले जाया गया, जहां से तीन गंभीर घायलों को आरा सदर अस्पताल रेफर किया गया.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना पुराने जमीन विवाद से जुड़ी है. घायल जीतू यादव ने आरोप लगाया है कि दिलशाद खान उर्फ लड्डू से जमीन को लेकर उनका विवाद चल रहा था और उन्हें पहले भी जान से मारने की धमकी दी गई थी. पीड़ित का दावा है कि हमलावरों को सुपारी देकर इस घटना को अंजाम दिलाया गया.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. आरा से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है. इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है.
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
(आरा से विशाल के इनपुट पर आधारित)
Also Read: IAS अधिकारी संजीव हंस के खिलाफ एक और FIR, 1 करोड़ घूस लेने का आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




