बाढ़ में बच्चों की जान जोखिम में! कहीं जुगाड़ की नाव तो कहीं लोहे के कैप्सूल से स्कूल जाने की मजबूरी
बिहार में बाढ़ के बीच बच्चों की पढ़ाई पर संकट
बिहार में बाढ़ के बीच बच्चों की पढ़ाई पर भी संकट गहराता जा रहा है. पटना से शेखपुरा तक कहीं बच्चे जुगाड़ की नाव और लोहे के कैप्सूल के सहारे नदी पार कर स्कूल पहुंच रहे हैं, तो कहीं जलमग्न सड़कों से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं. सोशल मीडिया पर सामने आए इन वीडियो ने बच्चों की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Jugaad Boat सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो पटना जिले के बाढ़ प्रखंड की एकडंगा पंचायत का बताया जा रहा है. वीडियो में बच्चे जुगाड़ से बनाई गई नाव पर बैठकर खुद रस्सी के सहारे उसे खींचते हुए नदी पार करते नजर आ रहे हैं. यानी ये बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर रोज स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं.नाव पर सवार बच्चे बाढ़ के आजाद नगर स्थित महादलित बस्ती के रहने वाले बताए जा रहे हैं. बस्ती के दर्जनों बच्चे जुगाड़ की नाव के सहारे महाने नदी पार कर हर दिन प्राथमिक विद्यालय मोगलचक पहुंचते हैं. स्कूल जाने के लिए उनके पास कोई दूसरा सुरक्षित रास्ता नहीं है.
जुगाड़ की नाव से स्कूल पहुंच रहे बच्चे
महादलित बस्ती और स्कूल के बीच महाने नदी पड़ती है. इन दिनों नदी में बाढ़ का पानी बढ़ गया है, जिसके कारण बच्चों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. सुबह-सुबह बच्चे जुगाड़ से बनाई गई नाव के सहारे नदी पार कर स्कूल जाते हैं. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पांचवीं कक्षा का छात्र कुणाल कुमार ही अपने साथियों को नाव के सहारे नदी पार कराता है. कम उम्र में बच्चों का इस तरह नदी पार करना उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है.
लोहे के कैप्सूल से स्कूल जाने को मजबूर बच्चे
गंगा में आई बाढ़ की वजह से मुहाने नदी में भी पानी भर गया है. इसके कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गंगा का जलस्तर बढ़ने से पहले गांव के लोग पीपा पुल का इस्तेमाल करते थे. लेकिन, पानी बढ़ने के बाद पीपा पुल बह गया. इसके बाद बच्चों ने पीपा पुल में इस्तेमाल होने वाले लोहे के कैप्सूल का सहारा लेना शुरू कर दिया. बच्चे इसी के जरिए अपनी जान जोखिम में डालकर स्कूल आने-जाने को मजबूर हैं. इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बाढ़ में पानी के बीच स्कूल जाते बच्चे
इसी से जुड़ा एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. यह वीडियो बिहार के शेखपुरा जिले के घाटकुसुम्भा प्रखंड के बेलौनी का बताया जा रहा है. वायरल वीडियो में हरोहर (हरुहर) नदी के उफान और गंगा नदी के बैकवाटर के कारण टाल क्षेत्र में जलस्तर बढ़ गया है. इसके चलते मुख्य सड़कें और संपर्क मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं.बाढ़ का पानी कई स्कूलों में भी प्रवेश कर गया है. इसके बावजूद स्कूल बंद नहीं किए गए हैं. ऐसे में बच्चे पानी के बीच कतार में चलकर स्कूल आने-जाने को मजबूर हैं. पानी में इस तरह बच्चों का आवागमन किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए