Nitish Nischay Samvad : नीतीश की वर्चुअल रैली को उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी लोगों ने सुना
Nitish Nischay Samvad, LIVE : पटना: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सोमवार को वर्चुअल रैली निश्चय संवाद के माध्यम से विधानसभा चुनाव प्रचार का शंखनाद किया. रैली सुबह 11:30 बजे जदयू प्रदेश मुख्यालय में नवनिर्मित कर्पूरी सभागार में शुरू हो गयी है. इसके लिए सभागार में बड़ा मंच बनाया गया है, जिस पर सोशल डिस्टैंसिंग का पालन करते हुए 15 नेताओं के बैठने की जगह है. जिसमें प्रमुख रूप से ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, सांसद आरसीपी सिंह, सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अमरदीप सहित पार्टी प्रदेश मुख्यालय के पदाधिकारी शामिल हैं. नीतीश कुमार के संबोधन को अधिक से अधिक लोगों को सुनाने के लिए जदयू ने पूरी तैयारी की है. पार्टी सूत्रों के अनुसार रैली से जुड़ने के लिए 26 लाख से अधिक लोगों को रैली का लिंक भेजा गया है. साथ ही इसमें शामिल होने के लिए सभी प्रखंडों और विधानसभा क्षेत्रों में विशेष तैयारियां की गयी हैं. वहां पार्टी नेताओं ने जगह-जगह एलइडी, प्रोजेक्टर आदि भी लगाये हैं.
नीतीश की वर्चुअल रैली को उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी लोगों ने सुना
जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की वर्चुअल रैली से पूरे देश के लोग जुड़े रहे. खासकर नॉर्थ ईस्ट राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिती रही. मणिपुर के जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष हंगकंगपाओ ताइतुल, नगालैंड के अध्यक्ष एनएसएन लोथा और अरुणाचल के प्रदेश अध्यक्ष रुही तागोंग ने कार्यक्रम को अपने सभी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ जेडीयू लाइव से जुड़ कर सुना. जम्मू एवं कश्मीर के चार जिलों कुपवाड़ा बारामूला, बडगाम और श्रीनगर में निश्चय संवाद के सीधे प्रसारण को बड़ी संख्या में सुना गया. प्रदेश अध्यक्ष जीएम शाह शाहीन भी मौजूद रहे. पार्टी पदाधिकाारियों ने बताया कि नीतीश कुमार के निश्चय संवाद को इन सभी जगहों पर बड़ी संख्या में सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए सुना गया.
एयर ड्राॅपिंग के जरिये लोगों को पहुंचाया राशन, सामुदायिक किचन से 10 लाख लोगों को खिलाया खाना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में बाढ़ की वजह से 16 से भी ज्यादा जिले प्रभावित हुए. हम एयर ड्रॉपिंग के माध्यम से लोगों को राशन पहुंचा रहे हैं. सामुदायिक रसोई के माध्यम से सब को खाना खिलाया जा रहा है. जरा याद कीजिये कि आपदा के वक्त पहले क्या करते थे. बाढ़ आया, फिर सूखा आया, फिर बाढ़ आया. 83 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ प्रभावित हुए. सामुदायिक किचन से पूरे राज्य में 10 लाख लोगों को खाना खिलाया. साथ ही कोरोना की जांच भी करवायी.
आज बिहार में प्रतिदिन डेढ़ लाख से ज्यादा हो रही कोरोना की जांच
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बिहार में प्रतिदिन एक लाख 50 हजार से ज्यादा कोरोना जांच हो रही है. सबसे ज्यादा जांच एंटीजन टेस्ट से हो रही है. जांच में शीघ्रता के लिए राज्य सरकार 10 आरटीपीसीआर मशीन खरीद रही है. राज्य में पर्याप्त संख्या में आईसीयू बेड हैं. अस्पताल हर स्थिति के तैयार हैं. मेडिकल किट, डॉक्टर से परामर्श सुविधा, कॉल सेंटर के माध्यम से भी लोगों को परामर्श दिया जाता है. कोरोना से अगर किसी की मृत्यु होती है, तो राज्य सरकार ने चार लाख रुपये की मदद का प्रावधान किया है.
विक्रमशिला विश्वविद्यालय का जिक्र करते हुए सीएम नीतीश ने कहा…
विक्रमशिला विश्वविद्यालय का जिक्र करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि भागलपुर के विक्रमशिला विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने का प्रयास हमारी सरकार ने किया. आज वहां भूमि का काम हो गया है. लगातार इस तरफ काम हो रहे है.
नालंदा विश्वविद्यालय के लिए कानून बनवाये
नालंदा विश्वविधालय जिक्र करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार शिक्षा की भूमि है. नालंदा विश्वविधालय के लिए कानून बनवाये, ताकि उसका सर्वाइवल हो सके.
बांका डीएम की शिक्षा योजना को पूरे बिहार में लागू कराया
नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में बांका के डीएम का जिक्र करते हुए कहा कि बांका डीएम के द्वारा शुरू कराई गई शिक्षा योजना को पूरे बिहार में लागू कराया. वहीं स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड का भी उन्होंने जिक्र किया.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए