भागलपुर में दिनदहाड़े डकैती: दंपति को बंधक बनाकर लूटा, जेवर व कैश लेकर पैदल ही भागे बदमाश, इनपर शक...
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 22 Mar 2023 7:10 AM
Bihar Crime News: भागलपुर के जीरोमाइल थाना क्षेत्र के गुरुनानक कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े ही बदमाश एक रिटायर अधिकारी के घर में घुस गए और डकैती की घटना को अंजाम दिया. पीड़ित दंपति को बंधक बनाकर बदमाशों ने लूटपाट किया.
भागलपुर: औद्योगिक प्रक्षेत्र (जीरोमाइल) थाना क्षेत्र के गुरुनानक कॉलोनी में मंगलवार को हथियारबंद अपराधी दिनदहाड़े रिटायर्ड एमओ सुभाष चंद्र झा (72) के घर से करीब 10 लाख के गहने व पौने दो लाख रुपये नकद लूट कर पैदल ही फरार हो गये. आधे घंटे तक तीन नकाबपोश अपराधियों ने वृद्ध दंपती को उनके घर में बंधक बनाये रखा.
सूचना पर पहुंची जीरोमाइल पुलिस ने वरीय पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर तीन अलग-अलग टीम गठित कर मामले की छानबीन की जा रही है. वृद्ध दंपती से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उसी घर में पिछले तीन दिनों से काम कर रहे चापाकल बोरिंग मिस्त्रियों के शामिल होने की आशंका जता रही है.
सुभाष चंद्र झा जिला प्रशासन में एमओ के पद से 2012 में रिटायर हुए हैं. वे मूलरूप से कहलगांव के रहनेवाले हैं और पिछले डेढ़ दशक से भागलपुर शहर से सटे गुरुनानक कॉलोनी में मकान बनाकर अपनी पत्नी गीता झा के साथ रहते हैं. उनके बेटे दूसरे राज्यों में मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत हैं.
पीड़ित सुभाष चंद्र झा ने बताया कि घटना दिन के करीब 12 से एक बजे के बीच की है. तीन नकाबपोश अपराधी हाथों में कट्टा व पिस्टल लिये घर में घुसे. जब तक वे शोर मचाते अपराधियों ने हथियार दिखाकर उनके मुंह पर सेलोटेप लगा दिया और फिर हाथ-पैर बांध दिया. इसके बाद उनकी पत्नी गीता झा को भी बंधक बनाने का प्रयास किया. विरोध करने पर उनके साथ मारपीट करते हुए उनका भी हाथ-पैर बांध दिया. उनके नाक से नथ नोंच लिया. इसके बाद अपराधियों ने घर के तीन कमरों में मौजूद अलमारियों में रखे करीब 10 लाख के गहने व करीब पौने दो लाख रुपये नकद भी निकाल लिये.
कमरे में मौजूद पलंग के बॉक्स से भी कीमती सामान निकाल लिया. करीब आधे घंटे तक लूटपाट के बाद वृद्ध दंपती को बंधा छोड़ अपराधी सामान को झोले में रख घर से पैदल ही निकल गये. कुछ देर बाद एक परिचित पहुंचे. उन्होंने बुजुर्ग दंपती के मुंह व हाथ-पैर में लगे सेलोटेप को निकाला. इसके बाद जीरोमाइल पुलिस को जानकारी दी गयी. इस दौरान मोहल्ले के लोग वहां जमा हो गये.
Published By: Thakur Shaktilochan
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










