बिहार के 17 जिलों के यात्रियों के लिए खुशखबरी, इन राज्यों के लिए चलेंगी 119 नई बसें

सरकारी बसें (सांकेतिक तस्वीर)
Bihar Bus Service: बिहार के लोगों को खास तोहफा दिया गया है. राज्य के 17 जिलों से लगभग 119 नई बसों के परिचालन का फैसला लिया गया है. इनमें एसी और नॉन एसी बसें भी शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक, सबसे ज्यादा बसें उत्तर बिहार से चलाई जायेंगी.
Bihar Bus Service: पटना समेत राज्य के अन्य जिलों के यात्रियों के लिए खुशखबरी है. पटना से देश के अलग-अलग राज्यों के लिए 30 इंटर स्टेट बसें चलेंगी. इसके अलावा राज्य के 17 जिलों से टोटल 119 नई बसें चलेंगी. इनमें कुछ बसें राज्य के अंदर चलेंगी, जबकि अधिकतर बसें राज्य से बाहर के राज्यों में जायेंगी. सब मिला कर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के 18 डिपो से 149 बसें चलेंगी. टाटा कंपनी की ये डीजल बसें हैं, जिनमें 75 बसें एसी और 74 बसें नॉन एसी हैं.
पटना पहुंचीं 40 बसें
जानकारी के मुताबिक, इनमें 40 बसें पटना पहुंच चुकीं हैं और टाटा कंपनी के यार्ड में लगी हैं, जबकि बाकी 109 बसों के अगले 15-20 दिनों में पहुंच जाने की संभावना है. महीने के अंत तक इनको बीएसआरटीसी को टाटा कंपनी की तरफ से दिया जाएगा. उसके बाद इनका रजिस्ट्रेशन और परमिट बनवा कर अगले महीने से इनका परिचालन शुरू होने की संभावना है.
हरियाणा और दिल्ली से समझौते का चल रहा प्रयास
पटना समेत बिहार के अन्य जिलों से चलने वाली इंटर स्टेट बसों को प्रमुख रूप से दिल्ली, हरियाणा, यूपी और पश्चिम बंगाल के लिए चलाया जाएगा. इनमें यूपी और पश्चिम बंगाल से बिहार सरकार का नियमित रूप से इंटर स्टेट बसों के परिचालन से संबंधित समझौता है. लेकिन, दिल्ली और हरियाणा से अब तक ऐसा कोई समझौता नहीं है, जिसको करने के लिए इन दिनों प्रयास किए जा रहे हैं. अगस्त तक ऐसा समझौता हो जाने की उम्मीद है, जिसके बाद इन राज्यों के लिए नियमित बस सेवा की शुरुआत होगी.
सबसे ज्यादा बसें इस जगह के लिए चलेंगी
राज्य से कामकाज की तलाश में राज्य के बाहर जाने वाले लोगों में सबसे अधिक संख्या में लोग दिल्ली जाते हैं. ट्रेन में रिजर्वेशन की किल्लत होने की वजह से कई बार सफर नहीं कर पाते हैं. लिहाजा सबसे अधिक बसें पटना और उत्तर बिहार के बीएसआरटीसी के डिपो से दिल्ली के लिए ही जायेगी. उसके बाद हरियाणा, गुरुग्राम, यूपी के गाजियाबाद, पश्चिम बंगाल के कोलकाता और सिलीगुड़ी जैसे जगहों के लिए बसें चलेंगी.
उत्तर बिहार से चलेंगी सबसे अधिक बसें
बिहार के बाहर जाने वाली बसों में सबसे अधिक बसें उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, मोतीहारी, सीतामढ़ी और मध्य बिहार के सारण, सीवान और गोपालगंज से चलेंगी, क्योंकि इन जगहों से बाहर काम करने जाने वाले बिहारी प्रवासियों की संख्या सबसे अधिक है.
होली, दशहरा, छठ जैसे अवसरों पर और गर्मी छुट्टी या विंटर वेकेशन में आने-जाने वालों की भीड़ के कारण ऐसे मौके पर घर लौटने या वापस कार्यस्थल पर जाने के लिए ट्रेन का रिजर्वेशन पाना बेहद मुश्किल होता है. लिहाजा इस वर्ग की ओर से बस सेवा की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी, जिसको पूरा करने के लिए इन जिलों के सरकारी बस डिपो को पर्याप्त संख्या में बसें दी जायेंगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Preeti Dayal
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










