Bihar Breaking News Live: नालंदा में राखी बांधने जा रही बहन पर जंगली जानवर ने किया हमला, इलाज के दौरान मौत

Updated:
विज्ञापन

Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…

विज्ञापन

पटना में डेंगू के तीन नये मरीज मिले

पटना शहर में डेंगू के तीन नये मरीज मिले हैं. इनमें दो बांकीपुर और एक अजीमाबाद अंचल के हैं. बीते डेढ़ माह के दौरान जिले में अब तक डेंगू मरीजों की संख्या 72 हो गयी है. इनमें 30 बांकीपुर अंचल स्थित बाजार समिति के आसपास के निवासी हैं. जिला संक्रामक रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ सुभाष चंद्र प्रसाद ने बताया कि डेंगू प्रभावित इलाके में मच्छरों के नियंत्रण के लिए लगातार फॉगिंग और लार्वासाइड का छिड़काव नगर निगम के सहयोग से किया जा रहा है.

अरवल में बाइकों की टक्कर में दो युवक घायल

अरवल के कुर्था थाना क्षेत्र के भतूबिगहा गांव के निकट से गुरुवार को दो बाइकों की जोरदार टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. मिली जानकारी के अनुसार अरवल थाना क्षेत्र के महुअरी गांव निवासी मुन्ना शर्मा के 21 वर्षीय पुत्र मोनू कुमार एवं सत्येंद्र पासवान के पुत्र 22 वर्षीय पवन कुमार स्नातक पार्ट वन की परीक्षा एसबीएएन महाविद्यालय लारी से देकर वापस अपने घर की ओर लौट रहे था तभी भतूबिगहा गांव के निकट स्टेट हाईवे 69 पर सामने रॉन्ग साइड से आ रही बाइक सवार ने टक्कर मार दी, इसके बाद दोनों गिर पड़े. वहीं टक्कर मारने वाला बाइक सवार वहां से नौ दो ग्यारह हो गया. हालांकि घटना के बाद वहां पर आसपास के स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. इसी बीच मानिकपुर ओपी अध्यक्ष दिनेश कुमार अरवल जा रहे थे. जैसे ही भीड़ जमा उन्होंने देखा तो दो युवक को गंभीर चोटे आई है, जिसके बाद उन्होंने घायलों को खुद अपनी गाड़ी में बैठा कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुर्था में भर्ती कराये. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल अरवल रेफर कर दिया है.

नालंदा में जंगली जानवर के हमले से महिला की मौत

नालंदा जिला के नूरसराय थाना क्षेत्र के रामडीह गांव के समीप गुरुवार को बनसुअर के हमले से एक महिला की मौत हो गयी. मृत महिला बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव निवासी बिजली पासवान की 28 वर्षीय पत्नी इंदु देवी है. परिजन ने बताया कि महिला अपने गांव लक्ष्मणपुर से मायके नूरसराय थाना क्षेत्र के बखरी गांव भाई को राखी बांधने आ रही थी. इसी बीच रामडीहा गांव के पास पहुंची, तभी उसे प्यास लगी और रास्ते में चल रहे बोरिंग पर जाकर पानी पीने लगी. इसी बीच बनसुअर ने हमला कर दिया. महिला की गोद में एक बच्चा था जो छिटककर दूर में जाकर गिरा और वह सकुशल रह गया. महिला पर हमला कर वनसुअरों ने उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. आस- पास के लोगों की नजर महिला पर पड़ी, जिसके बाद जख्मी हालत में इलाज के लिए नूरसराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. जिसके बाद शव को लेकर परिजन गांव पहुंचे. नूरसराय थाना की पुलिस को जानकारी मिली और गांव पहुंचकर शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ लेकर आई. नूरसराय थानाध्यक्ष कुणाल चंद्र ने बताया कि आवेदन नहीं मिला है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

शिक्षा विभाग के आदेशों के खिलाफ शिक्षक संघ ने बुलाई बैठक

बिहार में शिक्षा विभाग और राज्य सरकार द्वारा स्कूलों में छुट्टियां रद्द किए जाने सहित कई अन्य मुद्दों के खिलाफ शिक्षक संघ ने 3 सितंबर को बैठक बुलाई है. यह बैठक यूथ हॉस्टल में सुबह 11:30 बजे से शुरू होगी. इस मीटिंग में माध्यमिक से लेकर प्राथमिक तक के सभी शिक्षक संघ को आमंत्रित किया गया है.

औरंगाबाद में आहर में डूबने से पांच बच्चों की मौत

औरंगाबाद के मदनपुर प्रखंड के सलैया थाना क्षेत्र के सोनारचक गांव में स्नान करने के दौरान आहर में डूबने से 5 बच्चों की मौत हो गयी है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मैच गया है. जानकारी प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है.

मोतीहारी में भाई को राखी बांधने मायके जा रही नवविवाहिता को ट्रक ने रौंदा

मोतिहारी के मुफस्सिल थाना अंतर्गत चंद्रहिया एनएच 28 पर गुरूवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दम्पत्ति को कूचल दिया. बाइक सवार नवविवाहिता की मौत हो गयी, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतका ममिता देवी (20) चिरैया थाने के सेमरा सकरदीना गांव निवासी चुन्नु पासवान की पत्नी थी. घायल चुन्नु का इलाज शहर के एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है. उसकी हालत गंभीर बतायी जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि ममिता अपने पति चुन्नु के साथ बाइक पर बैठ मायके कोटवा भोपतपुर बझिया भाई को राखी बांधने जा रही थी. इस बीच चंद्रहिया के पास तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को कुचल दिया. ममिता की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी, जबकि चुन्नु गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया. घटना के बाद ममिता के ससुराल व मायके में कोहराम मच गया. दोनों के परिजन राते-बिलखते अस्पताल पहुंचे. ममिता का शव देख दहाड़ मार रोने लगे. परिजनों ने बताया कि पिछले साल ही ममिता की शादी हुई थी. थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है. आवेदन नहीं मिला है. आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola