Bihar Breaking News: पूर्णिया में सिलेंडर लदी पिकअप वैन से कुचलकर बाइक सवार की मौत, एक घायल
Bihar Breaking News : बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…
गोपालगंज के टॉप मोस्ट 40 अपराधियों पर पुलिस ने जारी किया इनाम
गोपालगंज जिले के टॉप मोस्ट- 40 अपराधियों, शातिरों पर पुलिस ने इनाम घोषित कर दिया है. अब इन अपराधियों के संबंध में पुलिस को सूचना देने या गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले लोगों को 10 हजार से लेकर 25 हजार तक की इनाम मिलेगा. गुरुवार को एसपी स्वर्ण प्रभात ने विभिन्न मामलों में फरार चल रहे हैं टॉप- 40 अपराधियों की सूची जारी की.
बांका में फसल चरने के विवाद में दंपती को मारपीट कर किया घायल
बांका जिला के कटोरिया थाना क्षेत्र के बसमत्ता पंचायत अंतर्गत घुठिया गांव में कुरथी की फसल चरने के विवाद में दंपती को लाठी-डंडे व लोहे के रॉड से खेत में ही मारपीट कर जख्मी कर दिया. मारपीट में घुठिया गांव निवासी जख्मी मुरारी यादव एवं उसकी पत्नी अनिता देवी का रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार हुआ. घटना के संबंध में जख्मी मुरारी यादव ने गांव के ही कुछ लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करायी है. दर्ज प्राथमिकी में पीड़ित ने बताया है कि जब वे कुरथी की फसल अपने खेत में काट रहे थे. तभी उक्त लोगों ने मवेशी द्वारा कुरथी की फसल चरा देने का आरोप लगाते हुए मारपीट की.
दो पक्षों के बीच विवाद निबटाने गयी पुलिस पर पथराव
सहरसा के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर बाजार में गुरुवार को दो पक्षों के बीच उत्पन्न विवाद को सुलझाने गयी पुलिस पर आक्रोशित लोगों ने पथराव कर दिया. पुलिस वाहन के शीशे तोड़ दिये. लोग एक व्यक्ति को हिरासत में लेने के बाद आक्रोशित हो गये थे. इसके बाद पुलिस हिरासत में लिए गये व्यक्ति को छोड़ कर पुलिस वापस लौट गयी. पहाड़पुर में दो पड़ोसियों बाइक गैरेज संचालक मो मिंजी व अमित सहनी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया. झगड़े की जानकारी 112 पुलिस टीम को दी गयी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी. इसके बाद पुलिस टीम ने मामले की जानकारी बख्तियारपुर थाना को दी. बख्तियारपुर थाना में पदस्थापित सअनि शैलेंद्र सिंह पुलिस बलों के साथ पहाड़पुर बाजार पहुंचे व मामले की छानबीन करते हुए उत्पन्न झगड़े को शांत कराने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस टीम वार्ड सदस्य टुनटुन सहनी को पुलिस गाड़ी में बैठा कर लाने लगी तो आक्रोशित लोगो ने पुलिस गाड़ी का घेराव कर लिया. इस दौरान भीड़ से किसी अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस गाड़ी पर पत्थरबाजी कर दी. इससे पुलिस गाड़ी का पीछे का शीशा टूट चकनाचूर हो गया. हालांकि गाड़ी में बैठे पुलिस को किसी प्रकार की चोट नहीं लगी. इस संबंध में थानाध्यक्ष कृष्ण ने बताया कि पुलिस गाड़ी पर हमला करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है. पुलिस मामले में अग्रतर कार्रवाई कर रही है.
पूर्णिया में सिलेंडर लदे पिकअप वैन से कुचल बाइक सवार की मौत, एक घायल, हंगामा
पूर्णिया के बनमनखी में गैस सिलेंडर से लदे पिकअप वैन से कुचल बाइक सवार एक किशोर की मौत हो गयी. मृतक की पहचान मो बेलाल (14 ) पिता मो रहमान मकुर्जान वार्ड नं 9 थाना बीकोठी के रूप में हुई. बताया गया कि बाइक पर तीन लोग सवार थे. बाइक सवार किशोर की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. जबकि बाइक पर सवार एक अन्य बच्चा मो इसराइल घायल हो गया जिसका इलाज अनुमंडलीय अस्पताल बनमनखी में चल रहा है. बाइक पर सवार तीसरा बाल-बाल बच गया. घटना के बाद पिकअप वैन छोड़ कर चालक फरार हो गया.
मक्का से भरी बोरी से दब कर गोदाम में काम कर रहे मजदूर की मौत
पूर्णिया सदर थाना क्षेत्र के गुलाबबाग हांसदा रोड स्थित मक्का गौदाम में काम करने के दौरान मक्के से भरी बोरी से दबने से एक मजदूर की मौत हो गयी. मृतक की पहचान कटिहार के तेजा टोला निवासी अनिल पोद्दार (50) के रूप में की गयी.
वैशाली में भूमि विवाद में मारपीट, चार लोग जख्मी
वैशाली जिला के जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के नगर गामा गांव में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर हुई मारपीट में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायल रंग बदल राय, रामेश्वर राय, राजेश्वर राय एवं रोशन कुमार को इलाज के लिए आनन फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर फतेहपुर लाया गया. इस संबंध में स्थानीय रंग बदल राय ने जमीनी विवाद में मारपीट की शिकायत जुड़ावनपुर थाना की पुलिस से की है. आरोप है कि स्थानीय उमाशंकर राय, जितेंद्र राय आदि ने जबरन खेत जोत लिया. विरोध करने पर मारपीट कर जख्मी कर दिया.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए