Bihar Breaking News Live: अब 27 अक्टूबर को प्रकाशित होगी राज्य की मतदाता सूची का प्रारूप

Updated:
विज्ञापन

Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…

विज्ञापन

सवारी रेलगाड़ी से कटकर अज्ञात व्यक्ति की हुई मौत, शव गायब

बगहा. बगहा-वाल्मीकिनगर रेलखंड पर फाटक संख्या 53 मलकौली के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की कटकर मौत हो गयी. उक्त घटना मंगलवार की देर रात करीब 12 बजे की बतायी जा रही है. इस संदर्भ में आरपीएफ प्रभारी बगहा इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात 12 बजे 05450 अप सवारी रेलगाड़ी गोरखपुर से बगहा आ रही थी. इसी दौरान रेल मलकौली के समीप फाटक संख्या 53 के पास एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया. जिससे उसकी मौत हो गयी. इसकी सूचना ट्रेन के चालक द्वारा बगहा आरपीएफ पोस्ट को दी गयी. जिसके बाद आरपीएफ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. लेकिन इसी दौरान मृतक के परिजन शव को ट्रैक से लेकर जा चुके थे. जिस कारण शव की पहचान नहीं हो पाई है.

10 रेल थानेदारों का तबादला, दो नवनियुक्त इंस्पेक्टर की ओआर में पोस्टिंग

मुजफ्फरपुर. रेल एसपी डॉ कुमार आशीष ने बुधवार को 10 रेल थानेदार का तबादला कर दिया है. इसका अनुमोदन रेल आइजी पटना ने किया है. बताया जाता है कि सीवान रेल थाना के प्रभारी सुधीर कुमार और रेल थाना समस्तीपुर प्रवीण कुमार की ओआर में पोस्टिंग की गयी है. दोनों बीते दिन प्रमोशन पाकर इंस्पेक्टर बने हैं. वहीं दारोगा आमोद कुमार सिंह को साइ���र रेल थाना मुजफ्फरपुर, जय विष्णु राम को रेल थानाध्यक्ष मोतिहारी, राजेश कुमार सिंह को रेल पीपी अध्यक्ष थावे, मिथिलेश कुमार सिंह को रेल पीपी सीतामढ़ी, मनोज कुमार को रेल थानाध्यक्ष समस्तीपुर, भरत यादव को रेल पीपी जयनगर, अशोक सिंह को रेल थानाध्यक्ष सिवान, जयप्रकाश सिंह को सगौली, राकेश कुमार रौशन को रेल थानाध्यक्ष छपरा, अफताब आलम को रेल पीपी बेतिया का कमान सौंपा गया है.

मेला क्षेत्र में भी डेंगू से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क

गया. मेला क्षेत्र में लोगों को डेंगू से सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तौर से सतर्क दिख रहा है. हर जगह लार्वा मारने की दवा का छिड़काव स्वास्थ्य विभाग की ओर से किया जा रहा है. सिविल सर्जन डॉ रंजन कुमार सिंह ने बताया कि मेला क्षेत्र में सभी को बीमारी से सुरक्षित रखने की विशेष जिम्मेदारी विभाग के ऊपर है. इसका निर्वहन पूरी तत्परता से किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से शहर के प्रमुख अस्पतालों में डेंगू टेस्ट की व्यवस्था की गयी है. यह काम पहले से चल रहा था. अब और सतर्कता से इस काम को निभाया जा रहा है. पिंडदानियों के अस्पतालों में बेड सुरक्षित रखा गया है. मगध मेडिकल अस्पताल अधीक्षक डॉ विनोद शंकर सिंह ने बताया कि अस्पताल के इमरजेंसी में ही पिंडदानियों के लिए 22 बेड सुरक्षित किया गया है. इसके अलावा अधिक की जरूरत पड़ने पर तुरंत ही व्यवस्था की जायेगी. अस्पताल में हर जरूरी दवा के साथ डॉक्टरों की टीम 24 घंटे मौजूद हैं.

उपेंद्र कुशवाहा ने दिल्ली में अमित शाह से की मुलाकात

पटना. रालोजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने बुधवार को दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. पार्टी के नेताओं ने बताया कि उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार की राजनीतिक स्थिति एवं आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर एनडीए की रणनीति पर अमित शाह से वार्ता की. इस दौरान राष्ट्रीय प्रधान महासचिव माधव आनंद भी थे. इधर, उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को परेशानी में देखकर उनको दुख होता है. कहा कि राजनीति दूसरी जगह है. अगर कभी उनको खून की जरूरत पड़ी तो खून देने वालों में मैं अगली पंक्ति में खड़ा रहूंगा.

नून नदी से अज्ञात अधेड़ का शव बरामद

पातेपुर. पातेपुर थाना क्षेत्र की बकाढ़ पंचायत के बाजितपुर कैंजु गांव स्थित दिघरुआ पुल के पास से नून नदी में बहते एक अज्ञात अधेड़ का शव बरामद किया गया. नदी में शव मिलने की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. मौके पर जुटे लोगों ने इसकी जानकारी स्थानीय मुखिया सज्जाद अहमद को दी. जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे मुखिया ने इसकी सूचना पातेपुर थाने की पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी. ग्रामीणों के सहयोग से शव को पानी से बाहर निकाला गया. पुलिस ने बरामद शव की पहचान करने की काफी कोशिश की लेकिन पहचान नहीं होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया. इस संबंध में पातेपुर थानाध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि दिघरुआ पुल के पास से नून नदी से एक अज्ञात अधेड़ का शव बरामद किया गया है. शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद पहचान के लिए सदर अस्पताल में रखा गया है.

नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में एक दोषी करार

गया. नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के एक मामले में बुधवार को अदालत ने एक व्यक्ति को दोषी करार दिया. पाॅक्सो कोर्ट के विशेष न्यायाधीश संदीप मिश्रा की अदालत ने अभियुक्त प्रमोद दास को पोक्सो एक्ट तथा धारा 376 के तहत दोषी पाया. प्रमोद दास शेरघाटी थाना क्षेत्र के एक गांव का रहनेवाला है. इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक सुनील कुमार ने बताया कि पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज करवायी थी. उसने अपनी प्राथमिकी में कहा था कि 11 फरवरी, 2020 को अभियुक्त प्रमोद दास ने उसके घर में घुसकर उसके चेहरे पर पाउडर छिड़क कर बेहोश कर दिया. बेहोशी की हालत में उठाकर गेहूं के खेत में ले गया, जहां उसने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से सात गवाहों की गवाही व बचाव पक्ष की ओर से एक गवाह की गवाही हुई. अदालत ने इस मामले में सजा के बिंदु पर सुनवाई की तिथि 29 सितंबर निर्धारित की है. यह मामला शेरघाटी थाना कांड संख्या 73/ 2020 से जुड़ा हुआ है.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola