Bihar Breaking News Live: राघोपुर में जमीन मापी के दौरान दो पक्षों में मारपीट, जमकर हुई फायरिंग
Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…
राघोपुर में जमीन मापी के दौरान दो पक्षों में मारपीट व फायरिंग
वैशाली जिला के रूस्तमपुर ओपी क्षेत्र के हेमतपुर गांव के दसरसिया में जमीन मापी के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट एवं गोलीबारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में दो पक्षों में मारपीट और गोलीबारी की घटना दिख रही है. वीडियो पिछले मंगलवार की दोपहर की है. वायरल वीडियो में दो लोग फायरिंग करते दिख रहे हैं. हालांकि प्रभात खबर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है. इस मामले में एक पक्ष की ओर से पुलिस से शिकायत की गयी है. जानकारी के अनुसार स्थानीय मुनी लाल राय और गौरी शंकर राय के बीच जमीन विवाद चल रहा है. इस जमीन को लेकर पहले भी पंचायत हुई थी. बताया जाता है कि हेमतपुर गांव में बीते मंगलवार को मुनिलाल राय एवं गौरीशंकर राय के बीच जमीन मापी हो रही थी. मापी के दौरान ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी. विवाद धीरे-धीरे बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट एवं गोलीबारी शुरू हो गयी. बताया जाता है कि इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से करीब एक दर्जन राउंड फायरिंग की गयी. हालांकि इस गोलीबारी में किसी के जख्मी होने की सूचना नहीं है.
सहरसा में 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी लोडेड कट्टा के साथ गिरफ्तार
सहरसा के सोनवर्षाराज थाना की पुलिस ने चंडी स्थान मंदिर प्रांगण से गुप्त सूचना के आधार पर फरार चल रहे 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश को एक लोडेड कट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि विराटपुर पंचायत स्थित चंडीस्थान मंदिर प्रांगण में अवैध हथियार के साथ फरार चल रहे 25 हजार रुपये इनाम घोषित अपराधी बसबिट्टी गांव निवासी रौशन यादव के होने की सूचना पर छापेमारी की गयी. जिसे पुलिस बल के सहयोग से गिरफ्तार किया गया. जिसके पास से एक लोडेड कट्टा बरामद किया गया. इसके अलावा दो प्राथमिक अभियुक्त लगमा गांव निवासी सिंकू कुमार मिश्रा उर्फ ओम बाबू व प्रिंस कुमार मिश्रा, एनबीडब्ल्यू वारंटी सिर्रही गांव निवासी अनवर आलम को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
गोपालगंज बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार चार लोगों को रौंदा, चाचा-भतीजी की मौत
गोपालगंज में एनएच-27 पर बुधवार को बड़ा हादसा हुआ. बाइक सवार चार लोगों को ट्रक ने कुचल दिया. इस हादसे में चाचा-भतीजी की मौत हो गयी, जबकि दो लोग जख्मी हो गये, जिन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. हादसा मांझा थाना क्षेत्र के दानापुर के पास हुआ. हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक व बाइक को जब्त कर लिया गया है. मृतकों की पहचान राज नारायण पासी की पुत्री छह वर्षीया अनुष्का कुमारी और 36 वर्षीय राजेश पासी के रूप में की गयी है. दोनों उचकागांव थाना क्षेत्र के खान बैरिया गांव के रहने वाले थे. वहीं, घायलों में राजकुमार पासी और प्रियंका कुमारी शामिल हैं.
दहेज में बुलेट बाइक के लिए पत्नी की हत्या कर गंडक नदी में डाला!
गोपालगंज में दहेज में बुलेट बाइक की डिमांड पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने बहू की हत्या कर दी. आरोप है कि हत्या के बाद शव को कई टुकड़ों में करके गंडक नदी में फेंक दिया गया. पुलिस को गंडक नदी के किनारे से महिला का चप्पल मिला है. घटना विशंभरपुर थाना क्षेत्र के विशंभरपुर गांव की है. मृत महिला की पहचान विशंभरपुर गांव निवासी मिंटू कुमार की पत्नी 20 वर्षीय ज्योति देवी के रूप में किया गया है.
सिगरेट का पैसा मांगने पर दुकानदार व उसकी मां को पीटा
लखीसराय टाउन थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार इंग्लिश मुहल्ला वार्ड संख्या दो में सिगरेट का पैसा मांगने पर दुकानदार व उसकी मां के साथ ग्राहक ने मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. पीड़ित मां-बेटे को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों की पहचान इंग्लिश मुहल्ला निवासी संतोष चंद्रवंशी की 50 वर्षीय पत्नी सुलोचना देवी एवं 22 वर्षीय पुत्र रितेश चंद्रवंशी के रूप में हुई है. पीड़ित दुकानदार ने आरोपित पर रंगदारी मांगने व दुकान में रखे 40 हजार रुपये भी लूट लेने का भी आरोप लगाया है. घटना मंगलवार देर रात की है. फिलहाल पीड़ित मां-बेटे का इलाज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है. पीड़ित ने टाउन थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की बात कही है.
चार दिन से लापता युवक का शव तालाब से बरामद, हत्या का आशंका
गया जिला के अमैठी पंचायत के महुएत निवासी राजकुमार साव के 22 वर्षीय पुत्र विकास कुमार का शव गांव से एक किलोमीटर पर स्थित हड़ाही स्थान के तालाब से बुधवार को बरामद किया गया. परिजनों ने अपराधियों द्वारा जान मार कर तालाब में फेंकने की आशंका जतायी है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब पंचायत समिति सदस्य शशिभूषण प्रसाद राज मिस्त्री व मजदूर को लेकर निर्माणाधीन तालाब के निकट निर्माण कार्य करने पहुंचे तो पानी में शव को उतराते हुए देखा. इसकी सूचना तुरंत थानाध्यक्ष व अन्य पंचायत प्रतिनिधियों को दी. तालाब में करीब 10 फुट गहरा पानी रहने के कारण तैराकों के द्वारा शव को बाहर निकाला गया. इसकी पहचान विकास कुमार के रूप में की गयी. मृतक के परिजन ने बताया कि विकास विगत 10 दिसंबर की सुबह से लापता था. परिजनों ने बताया कि विकास स्कूलों में बच्चों काे खाना पहुंचाने वाले वाहन में काम करता था. दीपावली के बाद तबीयत खराब होने के कारण काम बंद कर घर पर ही था.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए