Bihar Breaking News Live: जहानाबाद के गोदाम में आग लगने से लाखों का नुकसान, घंटों मशक्कत के बाद पाया गया काबू
Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…
जहानाबाद के गोदाम में लगी आग, लाखों का हुआ नुकसान
जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के जाफरगंज मुहल्ले में एक गोदाम में आग लगने से करीब ढाई लाख रुपए का नुकसान हो गया. बताया जाता है कि वहां टमाटर व्यवसायी मो मुनाज़ रईन का गोदाम है जिसमें शनिवार को अचानक आग लग गई. देखते-देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया जिसके कारण गोदाम में रखे टमाटर के कैरेट जलकर राख हो गया. मुनाज ने बताया कि गोदाम में बड़ी संख्या में टमाटर के कैरेट रखे हुए थे जो आग लगने के कारण धू-धू कर जलने लगे. घटना की जानकारी मिलने पर वह दौड़े-दौड़े गोदाम पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के लिए लोगों के साथ मिलकर प्रयास करने लगे. इसी बीच दमकल विभाग को भी सूचना दी गई. इसके बाद दमकल की गाड़ी भी आग बुझाने के लिए वहां पहुंची. सभी के सामूहिक प्रयास के बाद आग पर पाबू पाया जा सका. हालांकि अभी तक आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है. इस दुर्घटना में टमाटर व्यवसायी को करीब ढाई लाख का नुकसान हुआ है.
शराबी पति ने पत्नी को मारा चाकू
मधेपुरा के पुरैनी थाना क्षेत्र के डुमरैल वार्ड-छह निवासी गुलाय ऋषिदेव ने शराब के नशे में पत्नी दुखनी देवी को चाकू मार कर जख्मी कर दिया. जख्मी दुखनी महिला मेडिकल कॉलेज मधेपुरा में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है. गुलाय शराब पीकर अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था. शनिवार को घटना के बाद पति फरार हो गया. परिजनों ने जख्मी महिला को जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज मधेपुरा में भर्ती कराया. इधर घटना को लेकर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच मारपीट की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जख्मी महिला को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज मधेपुरा भेज दिया है. पति की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है.
निजी एंबुलेंस के चालक ने सुरक्षा गार्ड के सुपरवाईजर को पीटा
भागलपुर. जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल के अधीक्षक ने निजी एंबुलेंस के चालक द्वारा निजी सुरक्षा गार्ड के सुपरवाइजर को पीटने का आरोप लगा बरारी थाना में शिकायत दर्ज करायी है. आवेदन में कहा गया है कि 28 अगस्त को निजी एंबुलेंस के चालक जबरन घुस कर निजी सुरक्षा गार्ड के सुपरवाइजर उमेश सिंह के साथ मार-पीट की. बता दें कि घटना को लेकर निजी सुरक्षा गार्ड के सुपरवाइजर ने अस्पताल अधीक्षक से लिखित शिकायत की थी.
अवैध शराब के खिलाफ भोजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7000 लीटर शराब जब्त
भोजपुर पुलिस और मद्य निषेध विभाग के संयुक्त अभियान के दौरान लॉरी से भरी शराब की बड़ी खेप बरामद की गई है, यह उपलब्धि शाहपुर थाना क्षेत्र की पुलिस को मिली है. पुलिस ने मौके से एक लॉरी को नहीं जब्त किया है, उसमें लदे शराब की पेटी बरामद होने के बाद उत्पाद अधिनियम के तहत केश दर्ज किया गया है, इस मामले में राजस्थान के रहने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि गुजरात नंबर के लॉरी से पंजाब निर्मित शराब की खेप बिहार आ रही थी, इसकी सूचना मध्य निषेध विभाग को मिली तो भोजपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से छापामारी कर शाहपुर क्षेत्र के फोर लाइन से ट्रक को पकड़ लिया. मामले में भोजपुरी पुलिस कप्तान का मानना है कि इस शराब के कारोबार में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते है, जिनके बारे में पता कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. पुलिस कप्तान प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि शाहपुर थाना अंतर्गत की गई कार्रवाई में एक ट्रक में कुल 7000 लीटर से ज्यादा अंग्रेजी शराब की बरामदगी की गई, एक अभियुक्त भी गिरफ्तार किया गया.
भभुआ में एक लाख रुपये की हेरोइन के साथ धंधेबाज गिरफ्तार
भभुआ. सदर थाने की पुलिस ने शहर के पटेल कॉलेज के समीप से एक हेरोइन धंधेबाज को गिरफ्तार किया है. उसके पास से पुलिस ने एक लाख रुपये से अधिक की सात ग्राम हेरोइन भी बरामद की है. पकड़ा गया धंधेबाज वार्ड संख्या छह निवासी सुभाष सिंह का बेटा आलोक पटेल बताया जाता है. पकड़े गए धंधेबाज की तलाशी ली गई तो उसके पास से 23 पुड़िया में 6.970 ग्राम हेरोइन बरामद किया गया. धंधेबाज को पकड़े जाने और हेरोइन बरामद होने के बाद उसे थाने लाया गया जहां से मेडिकल जांच कराने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

औरंगाबाद में दो पक्षों में मारपीट, तीन लोग जख्मी
औरंगाबाद. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अमर बिगहा गांव में शनिवार को नाली विवाद में मारपीट हो गयी. इस घटना में एक ही परिवार के किशोर समेत तीन लोग घायल हो गये. घायलों में गांव के ही शंकर यादव के 40 वर्षीय पुत्र संजीव कुमार, 30 वर्षीय पुत्र व्यंत कुमार व संजीव कुमार के 15 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार शामिल है. जानकारी के अनुसार, संजीव के दरवाजे के बाहर पड़ोसी के नाली का पानी बहता है. पानी अक्सर दरवाजे के सामने जमा हो जाता है. नाली का पानी बहाने के लिए संजीव पड़ोसी को मना करने गया, तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गयी. धीरे-धीरे मामला तूल पकड़ लिया. तभी पड़ोसियों ने ईंट-पत्थर फेंककर हमला कर दिया. जिससे तीन लोग जख्मी हो गये. घटना के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने बीच बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया गया और घायलों को सदर अस्पताल लाया गया. यहां डॉक्टरों ने उपचार किया. मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि अमर बिगहा गांव में नाली को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली है. फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है. उनका बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए