Bihar Breaking News Live: सासाराम में उत्पाद विभाग के कर्मी की पिटाई, अस्पताल में भर्ती
Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…
सहरसा में रुपये के लेन-देन मामले में मारपीट, एक की मौत
सहरसा के सोनवर्षाराज प्रखंड अंतर्गत बसनही थाना क्षेत्र के गोंदराम निवासी तारनी शर्मा के पुत्र अखिलेश शर्मा व रवि शर्मा और गांव के ही प्रकाश शर्मा के पुत्र विजेन शर्मा के बीच रुपये के लेन-देन के मामले को लेकर मारपीट हो गयी. इस दौरान अखिलेश शर्मा व रवि शर्मा बुरी तरह घायल हो गये. घायल अखिलेश शर्मा व रवि शर्मा को परिजन ग्रामीणों के सहयोग से पीएचसी सोनवर्षाराज ले गये, जहां डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सहरसा रेफर कर दिया, जहां निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान अखिलेश शर्मा की मौत हो गयी. मृतक का शव घर पहुंचते ही ग्रामीणों व परिजनों के बीच हाहाकार मच गया. बसनही थाना अध्यक्ष शिवशंकर कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है. जांच की जा रही है.
उत्पाद विभाग के कर्मी की पिटाई, अस्पताल में भर्ती
रोहतास जिला के अगरेर थाना क्षेत्र के मोकर गांव के समीप उत्पाद विभाग के कार्यालय के बाहर मंगलवार को चाय दुकान पर कुछ लोगों ने उत्पाद विभाग के प्राइवेट स्टाफ की पिटाई कर दी. स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर छुड़ाया. इस बीच कर्मी जख्मी हो गया. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने घायल स्टाफ शुभम कुमार को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
जहानाबाद में अनियंत्रित होकर पोल से टकरायी बाइक, युवक की गयी जान
जहानाबाद केहुलासगंज-घोसी मुख्य सड़क मार्ग पर नौशहरा फॉल के समीप बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल में टकराने से रवि कुमार नामक एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतक गया जिला अंतर्गत परैया थाना क्षेत्र के बुढपरैया गांव निवासी कालीचरण दास का पुत्र बताया जाता है.
गोपालगंज में जज की गाड़ी एनएच-27 पर दुर्घटनाग्रस्त, जज और उनकी मां रेफर
मोतिहारी सिविल कोर्ट के जज की कार गोपालगंज में NH-27 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में सिविल कोर्ट के जज शिवम सिंह और उनकी मां मंजू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. यह घटना कुचायकोट थाना क्षेत्र की है. एनएच-27 पर करमैनी ओवरब्रिज के पास हुआ. दोनों घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल से मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेज दिया गया है.
मोतिहारी में हिट एंड रन कानून के विरोध में चालकों ने किया प्रदर्शन
मोतिहारी के चकिया में केंद्र सरकार द्वारा लाए जा रहे हिट एंड रन कानून को लेकर मंगलवार को चालकों ने विरोध प्रदर्शन किया. स्थानीय बाजार समिति गेट के पास चालकों ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध जताया तथा नये कानून को चालकों के साथ अन्याय बताया. चालकों का कहना है कि यह कानून गलत है और इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए.
कैमूर में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस पर किया पथराव, तीन घायल
कैमूर में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया. इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए है. पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में ले लिया है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए