Bihar Bhumi: डिप्टी CM विजय सिन्हा का बड़ा एक्शन, रिश्वतखोरी के आरोप में CO को हटाने का आदेश
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 28 Jan 2026 3:31 PM
Deputy CM Vijay Sinha
Bihar Bhumi: जमीन के एक मामले में 25 हजार की कथित रिश्वत, कोर्ट के आदेशों की अनदेखी और भू-माफियाओं से सांठगांठ. बिहार सरकार के डिप्टी CM विजय सिन्हा ने ऐसे ही एक CO पर सख्त कार्रवाई कर प्रशासन को साफ संदेश दिया है.
Bihar Bhumi: उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने एक अंचल अधिकारी (CO) को भ्रष्टाचार और गंभीर अनियमितताओं के आरोपों में तत्काल प्रभाव से “ऑन द स्पॉट” हटाने का निर्देश दिया है. उन्होंने प्रधान सचिव को स्पष्ट आदेश दिया कि आरोपी अधिकारी को मौजूदा पद से हटाकर शोकॉज जारी किया जाए और विधिसम्मत विभागीय कार्रवाई तुरंत शुरू की जाए.
रिश्वतखोरी के आरोप ने खोली पोल
CO पर अपने निजी गार्ड के माध्यम से 25 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप है. शिकायतकर्ता का दावा है कि जमीन से जुड़े मामले के निपटारे के बदले यह रकम मांगी गई और गार्ड के जरिए वसूली भी की गई. आरोप यह भी है कि कोर्ट के आदेश होने के बावजूद CO ने न तो उनका पालन किया और न ही पीड़ित को राहत दिलाने की कोई ठोस पहल की. इससे नाराज होकर पीड़ित ने उच्च स्तर पर शिकायत दर्ज कराई.
भू-माफियाओं को संरक्षण देने का गंभीर आरोप
शिकायतों में CO पर भू-माफियाओं को खुला संरक्षण देने की बात भी सामने आई है.कहा गया है कि वैध दस्तावेज होने के बावजूद आम लोगों की फाइलें महीनों तक लंबित रखी जाती थीं, जबकि प्रभावशाली और माफियाओं से जुड़े मामलों में नियमों को ताक पर रखकर तेजी से फैसले किए जाते थे. यहां तक कि CO द्वारा खुद फोन कर पैसों की मांग और दबाव बनाने के आरोप भी लगाए गए हैं.
कई शिकायतों से बढ़ी कार्रवाई की गंभीरता
मामला तब और गंभीर हो गया जब एक के बाद एक कई शिकायतें विभाग तक पहुंचीं. अलग-अलग पीड़ितों ने लिखित और मौखिक रूप से CO की कार्यशैली को संदिग्ध बताया. कुछ मामलों में कोर्ट के आदेशों की अवहेलना का भी जिक्र किया गया, जिससे सरकार और प्रशासन की छवि को नुकसान पहुंचने की बात कही गई.
विजय सिन्हा का साफ संदेश
डिप्टी CM विजय सिन्हा पहले से ही राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए हैं. जनसंवाद कार्यक्रमों और समीक्षा बैठकों में वे कह चुके हैं कि विभाग में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार, दलाली और भू-माफिया से गठजोड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इसी नीति के तहत उन्होंने संबंधित CO को तुरंत हटाने और निष्पक्ष जांच कराने का निर्देश दिया है.
विभागीय स्तर पर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है. जल्द ही CO से स्पष्टीकरण मांगा जा सकता है. जांच में रिश्वतखोरी, पद के दुरुपयोग और भू-माफियाओं को संरक्षण देने जैसे बिंदुओं पर फोकस किया जाएगा. आरोप सही पाए जाने पर निलंबन से लेकर बर्खास्तगी तक की कार्रवाई संभव है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










