पड़ोसी ही निकला दुश्मन, भोजपुरी स्टार रितेश पांडेय से मांगी 10 लाख की रंगदारी, बोला- 'पैसे दे, वरना जान से मार दूंगा'
रितेश पांडे, फोटो- इंस्टाग्राम
भोजपुरी सिंगर-एक्टर रितेश पांडेय को जान से मारने की धमकी मिली है. उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी गई. कथित धमकी के बाद रितेश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर FIR दर्ज की गई है.
भोजपुरी इंडस्ट्री के पॉपुलर सिंगर और एक्टर रितेश पांडे ने दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है. आरोप है कि उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और पैसे न देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई. मामले में वाराणसी के सारनाथ थाने में FIR दर्ज की गई है. पुलिस के मुताबिक, इस केस में रितेश के पड़ोसी बुलबुल यादव और उसके एक अज्ञात साथी को आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगा दी हैं.
फोन और मैसेज पर मांगे पैसे
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार रितेश पांडे ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि बुलबुल यादव ने उन्हें फोन और मैसेज के जरिए संपर्क किया. इस दौरान कथित तौर पर उनसे पैसों की मांग की गई. शिकायत के मुताबिक, पैसे नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई.
View on Instagram
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर क्राइम सेल की भी मदद ली है. टीम संबंधित फोन नंबर, कॉल रिकॉर्ड और मैसेज की जानकारी जुटाकर मामले की जांच कर रही है.
किन धाराओं में दर्ज हुआ केस?
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी के मुताबिक, शनिवार देर रात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 308(5), 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस का कहना है कि तकनीकी सबूत जुटाने के साथ-साथ आरोपियों को पकड़ने के लिए भी कार्रवाई जारी है. पुलिस की ओर से रितेश पांडे और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
भोजपुरी इंडस्ट्री में बड़ा नाम हैं रितेश पांडे
रितेश पांडे भोजपुरी म्यूजिक और फिल्मों का जाना-पहचाना नाम हैं. सिंगिंग के साथ एक्टिंग में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई है. उत्तर प्रदेश और बिहार के अलावा देशभर में भोजपुरी दर्शकों के बीच उनकी अच्छी फैन फॉलोइंग है. बता दें कि रितेश पांडे राजनीति में भी किस्मत आजमा चुके हैं. उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में रोहतास सीट से जन सुराज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें जीत नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने जनवरी में पार्टी से इस्तीफा दे दिया था.
ये भी पढ़ें: गाना ‘लगता हरदिया’ में छलका रितेश पांडे का दर्द, वीडियो देख भर आएंगी आंखें
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए