Bhagalpur News. जिले के दो लाख 52 हजार खेतों में कौन सी फसल? विभाग लगा रहा पता

सूची हो रही तैयार खेत में कौन सी फसल लगी है.
—मोबाइल से खेतों की फोटो लेकर पोर्टल पर अपलोड, 15 मार्च तक पूरा होगा सर्वे
ललित किशोर मिश्र, भागलपुरजिले के दो लाख 52 हजार से अधिक खेतों में किसान खरीफ और रबी मौसम में कौन-कौन सी फसल लगा रहे हैं, इसकी डिजिटल मैपिंग शुरू हो गयी है. पहली बार कृषि विभाग “डिजिटल क्रॉप सर्वे” के जरिए सीधे खेतों में पहुंचकर फसल का फोटो और पूरा ब्योरा पोर्टल पर अपलोड कर रहा है. मुख्यालय के निर्देश पर भागलपुर में यह विशेष अभियान शुरू हुआ है. लक्ष्य यह जानना है कि जिले में किस मौसम में कौन सी फसल सबसे ज्यादा बोई जा रही है और खेती का पैटर्न क्या है. इस तरह का अभियान जिले में पहली बार शुरू हुआ है, जिसमें कागजी प्रक्रिया की जगह डिजिटल मॉनिटरिंग की जा रही है. विभाग का मानना है कि इससे कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और सटीकता आयेगी.
मोबाइल से फोटो, पोर्टल पर अपलोड
पिछले चार दिनों से सभी 16 प्रखंडों में किसान सलाहकार और कृषि समन्वयक खेतों में पहुंचकर फसल की फोटो ले रहे हैं. किसान का नाम और प्लॉट का विवरण दर्ज कर रहे हैं. पूरी जानकारी कृषि विभाग के पोर्टल पर अपलोड कर रहे हैं. हर दिन एक-एक कर्मी को 100 से 150 प्लॉट का सर्वे करना है.
2.53 लाख प्लॉट में से 89 हजार से अधिक का सर्वे पूरा
जिले के कुल 2,53,398 प्लॉट में से अब तक 89,758 प्लॉट का सर्वे पूरा किया जा चुका है. पूरे अभियान को 15 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है.क्यों अहम है यह सर्वे?
–खरीफ और रबी में सबसे अधिक बोई जाने वाली फसल की पहचान–भविष्य की कृषि योजना और अनुदान नीति तय करने में मदद–बीमा, राहत और उत्पादन आकलन में सटीक डेटा–फसल विविधीकरण की वास्तविक स्थिति का आकलन
क्या बोले अधिकारी?
“मुख्यालय के निर्देश पर किसानों के खेतों में जाकर खरीफ और रबी मौसम की फसलों की जानकारी ली जा रही है. पहली बार इस तरह डिजिटल क्रॉप सर्वे किया जा रहा है, जिससे खेती का वास्तविक डाटा उपलब्ध होगा.”–प्रेम शंकर प्रसाद, जिला कृषि पदाधिकारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




