Bhagalpur news एनएच-80 पर दिनभर जाम, स्कूली बस व शव वाहन फंसे

कहलगांव निर्माणाधीन एनएच-80 पर ठेका एजेंसी की अव्यवस्थित कार्य पद्धति से बुधवार को कहलगांव नगर में दिनभर भीषण जाम की स्थिति बनी रही.
कहलगांव निर्माणाधीन एनएच-80 पर ठेका एजेंसी की अव्यवस्थित कार्य पद्धति से बुधवार को कहलगांव नगर में दिनभर भीषण जाम की स्थिति बनी रही. पेट्रोल पंप से पार्क चौक तक रह-रहकर लगे जाम ने आम लोगों, दुकानदारों व यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी. स्थानीय लोगों के अनुसार शारदा पाठशाला से पार्क चौक तथा पार्क चौक के समीप डाकघर तक सड़क के एक हिस्से में ढलाई कर उसे अधूरा छोड़ दिया गया है. सड़क निर्माण कार्य मशीन के बजाय मैनुअल तरीके से करने से निर्माण की गति बेहद धीमी है. कई स्थानों पर सड़क का केवल एक हिस्सा चालू रहने से वन-वे परिचालन लागू करना पड़ रहा है, जिससे लगातार जाम लग रहा है. बुधवार को सुबह से शाम तक स्टेशन चौक से पार्क चौक के आगे तक लंबी वाहनों की कतार लगी रही. पुलिस ने वाहनों को रोक वन-वे परिचालन कराया और बीच-बीच में जाम हटाने का प्रयास किया. कुछ ही देर बाद स्थिति गंभीर हो जा रही थी. जाम में आधा दर्जन से अधिक स्कूली बसें फंस गयी, जिनमें स्कूली बच्चे सवार थे. यह बच्चे विक्रमशिला भ्रमण से लौट रहे थे. ट्रैक्टर और पिकअप पर ले जाए जा रहे दो शव वाहन लंबे समय तक जाम में फंसे रहे, जिससे परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. लोगों का आरोप है कि करीब एक वर्ष से अधिक समय से चल रहे निर्माण कार्य से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है. जाम की समस्या से न केवल दैनिक आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि स्थानीय व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है. नगरवासियों ने निर्माण कार्य में तेजी लाकर जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की है.
शोभायात्रा श्याम मंदिर मदरौजा के लिए कल प्रस्थान करेगी
नवगछिया भव्य शोभायात्रा श्याम मंदिर मदरौजा के लिए 27 फरवरी को प्रस्थान करेगी. फालगुणोत्सव पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्याम भक्त मंडल के तत्वावधान में 26 फरवरी को नवगछिया मारवाड़ी विवाह भवन रोड स्थित रवि सर्राफ के कार्य स्थल परिसर में श्री श्याम प्रभु खाटू नरेश की पावन ज्योत प्रज्वलित की जायेगी. 27 फरवरी शुक्रवार को प्रातः 7:00 बजे मारवाड़ी विवाह भवन रोड,नवगछिया से श्री श्याम मंदिर, मंदरोजा भागलपुर तक भव्य निशान शोभायात्रा प्रस्थान करेगी. यात्रा में लगभग 400 श्रद्धालुओं की उपस्थिति संभावित है,जो पैदल सड़क मार्ग से यात्रा करेंगे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




