कैदी फरारी केस का आवेदन देकर लौट रहे थे चौकीदार, तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, टोटो चालक की मौत

क्षतिग्रस्त वाहन की सांकेतिक तस्वीर.
Bhagalpur Road Accident : भागलपुर के अकबरनगर में एक टोटो चालक की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों कैदी फरारी मामले में आवेदन देकर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टोटो को टक्कर मार दी.
Bhagalpur Road Accident : भागलपुर के अकबरनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में टोटो चालक की मौत हो गई, जबकि सुलतानगंज थाना के एक चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों कैदी फरारी मामले में आवेदन देकर अकबरनगर थाना से वापस लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनके टोटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर अज्ञात वाहन की तलाश तेज कर दी है.
कैदी फरारी मामले में आवेदन देकर लौट रहे थे दोनों
जानकारी के अनुसार, सोमवार को मोबाइल चोरी के आरोपित एक कैदी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के मामले में सुलतानगंज थाना के चौकीदार जयकांत पासवान आवेदन देने अकबरनगर थाना पहुंचे थे. उनके साथ नवादा, सुलतानगंज निवासी 45 वर्षीय टोटो चालक रवि कुमार चौरसिया भी थे. आवेदन देने के बाद दोनों देर रात करीब 12 बजे टोटो से सुलतानगंज लौट रहे थे.
तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मची अफरा-तफरी
अकबरनगर थाना क्षेत्र के पैन गांव के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो चालक रवि कुमार चौरसिया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं चौकीदार जयकांत पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायल चौकीदार को मायागंज अस्पताल रेफर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल चौकीदार को रेफरल अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया.
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही अकबरनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की जानकारी यातायात थाना पुलिस को भी दी गई है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है.
परिवार में पसरा मातम
टोटो चालक रवि कुमार चौरसिया की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अकबरनगर थानाध्यक्ष रामाशीष कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में टोटो चालक की मौत हुई है, जबकि चौकीदार गंभीर रूप से घायल हैं. मामले की जांच यातायात थाना पुलिस द्वारा की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










