bhagalpur news. राघोपुर में अवैध हथियारों के साथ पुलिस ने अपराधी को किया गिरफ्तार

नाथनगर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर थाना क्षेत्र के ही राघोपुर गांव से अवैध हथियारों के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है.
नाथनगर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर थाना क्षेत्र के ही राघोपुर गांव से अवैध हथियारों के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने एक देसी राइफल, एक देसी बंदूक, एक कट्टा, सात जिंदा कारतूस, राइफल का टूटा हुआ लकड़ी का बट बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपित राघोपुर निवासी सुरेश मंडल उर्फ अशोक मंडल है. भागलपुर के सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने एक प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि सुरेश मंडल ने अपने घर में किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने के लिए हथियारों को रखा था. सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के निर्देशन में, सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह की निगरानी में और सिटी डीएसपी टू राकेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. टीम ने छापेमारी कर सुरेश मंडल उर्फ अशोक मंडल को उसके घर से गिरफ्तार किया और उसके घर से हथियारों की भी बरामदगी की. सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सुरेश किस मकसद से हथियारों की जुटानी कर रहा था और उसे हथियार किन लोगों ने उपलब्ध कराया था. सिटी एसपी ने बताया कि आरोपित से सघन पूछताछ की गयी है. जबकि मामले की प्राथमिकी नाथनगर थाने में दर्ज कर ली गयी है. छापेमारी अभियान में नाथनगर थानाध्यक्ष अभय शंकर, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार, पीटीसी मो मुख्तार, सिपाही परमानंद पासवान, पवन कुमार महतो समेत अन्य भी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निशिरंजन ठाकुर
निशिरंजन ठाकुर मुख्यधारा की पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक समय से सक्रिय. साहित्यिक विषयों में भी गहरी रूचि. खबरों में तथ्य के साथ मानवीय संवेदना और भाषा की सादगी को अहम मानते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










