bhagalpur news. करोड़ों की जमीन हथियाने के लिए भाई ने ही शिवम की करायी थी हत्या
Published by : NISHI RANJAN THAKUR Updated At : 28 May 2026 11:09 PM
अगस्त 2025 में मधुसूदनपुर थानाक्षेत्र के बहबलपुर निवासी शिवम कुमार की हत्या का खुलासा पुलिस ने किया है.
अगस्त 2025 में मधुसूदनपुर थानाक्षेत्र के बहबलपुर निवासी शिवम कुमार की हत्या का खुलासा पुलिस ने किया है. पुलिस की जांच में शिवम का हत्या कराने का मुख्य साजिशकर्ता उसका सगा भाई ही निकला. भाई ने करोड़ों की जमीन हथियाने के उद्देश्य से शिवम की हत्या करवायी. 6 अगस्त 2025 शाम करीब 7:30 बजे मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर तालाब के पास संजीव सिंह के छोटे बेटे शिवम कुमार की तीन गोली मारकर हत्या कर दी थी. पिता संजीव सिंह ने लक्ष्मण बाग निवासी घीघल यादव, जोगी यादव, मिट्ठू और राजा सिंह से जमीन विवाद के बाद हत्या करने का आरोप लगाया था. जांच में इन आरोपियों पर डीएसपी ने मामला सत्य भी कर दिया था. पर जब गहराई से पड़ताल हुई तो पूरा मामला ही पलट गया. मृतक शिवम का भाई सन्नी सिंह हत्या का मास्टरमाइंड निकला. सन्नी ने ही भीमकित्ता गांव के विकास यादव और बहबलपुर गांव निवासी वीरु सिंह के साथ मिलकर सन्नी की गोली मारकर हत्या करायी. पुलिस ने इस कांड में सन्नी, विकास और वीरू सिंह को अप्राथमिक अभियुक्त बनाया है. बुधवार को पुलिस ने वीरू सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. इससे पहले पुलिस ने विकास यादव को भी जेल भेजा था. हालांकि विकास की गिरफ्तारी जज के चालक पर मारपीट के आरोप मे हुई थी. गिरफ्तारी के दौरान विकास के परिजनों ने पुलिस पर दो बार हमला किया था. पहले दिन किये गये हमले में परिजन विकास को छुड़ा ले गये थे. दूसरे दिन फिर पुलिस गिरफ्तार करने भीमकित्ता पहुंची जहां पुलिस पर लाठी ,पत्थर से हमला कर चार जवानों को घायल कर दिया गया. हालांकि पुलिस ने काफी जद्दोजहद के बाद विकास को गिरफ्तार कर थाना लाया था. शिवम ने अपने हिस्से की जमीन घिघल को बेचा, उसी जमीन को भाई-पिता ने मिलकर विकास को बेच दिया पुलिस के मुताबिक शिवम का लगभग सवा बीघा जमीन विकास के कब्जे में था. उसने विकास से कुछ रुपये कर्जा लिया था जिसके एवज में विकास उसकी जमीन पर चढ़ गया था. वह जमीन खरीदने का दावा कर रहा था. उधर शिवम ने उस जमीन को विकास को न बेच कर घिघल यादव सहित अन्य को एग्रीमेंट कर दिया. हत्या के तीन दिन पहले शिवम नासिक से लौटा था. जमीन एग्रीमेंट की बात जैसे शिवम के भाई व पिता को चला तो भाई सन्नी, पिता संजीव सिंह और उसकी बहन ने मिलकर एक करोड़ आठ लाख में विकास यादव को शिवम के हिस्से कि वही जमीन एग्रीमेंट कर दिया. भाई व पिता ने उस जमीन के पैसे भी शिवम को नहीं दिये. इस पर शिवम ने आपत्ति जतायी थी. वह आगे कानूनी लड़ाई लड़ने की बात कह रहा था. इसी विवाद में मृतक के भाई ने अपने साथी विकास व वीरू के साथ मिलकर शिवम की हत्या कर दी. भाई ही शिवम को बीरू के बाइक से ले गया और मरवा दिया, सीसीटीवी से खुला राज इस हत्याकांड में मृतक शिवम कुमार हत्या होने से कुछ देर पहले के दोस्त शिवम 2 ( मृतक के दोस्त का भी नाम शिवम ही है) के साथ था. सीसीटीवी जांच के दौरान दोनों साथ दिखा. इस पर पुलिस ने शिवम 2 से पूछताछ की. मृतक के दोस्त ने पुलिस को अहम जानकारी देते हुए बताया कि वह और शिवम(मृतक) नूरपुर एटीएम के पास पैसा निकाल रहे थे. तभी उसका भाई सन्नी आया और उसे बाइक पर बैठाकर लेकर चला गया. उसके जाने के 10 मिनट बाद ही गोली चलने की आवाज सुनायी पड़ी और पता चला कि शिवम की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. जिस बाइक पर बैठाकर शिवम को ले जाया गया था,वह बाइक वीरू का था. पुलिस ने जब मोबाइल सीडीआर की जांच की तो पता चला कि घटना के समय से लेकर बाद तक विकास यादव और सन्नी सिंह में लगातार बात हुई थी. थानाध्यक्ष संजय कुमार मंडल ने बताया कि शिवम हत्याकांड के दो अप्राथमिक अभियुक्त विकास यादव और वीरू सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. कांड के मास्टरमाइंड सन्नी सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही हैं. जल्द सन्नी को भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










