रक्षाबंधन पर बहनों ने बांधा स्नेह का डोर, भाइयों से लिया रक्षा का वचन

Updated:
विज्ञापन

बहनों ने भाई को राखी बांध मनाया रक्षाबंधन. | Prabhat Khabar Network

भागलपुर में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जहां बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र की कामना करते हुए राखी बांधी. गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई, वहीं घरों में पूजा-पाठ और सुंदरकांड का आयोजन हुआ.

विज्ञापन

भागलपुर : सिल्क सिटी में सावन पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा और हर सुख-दुख में साथ देने का वचन दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

सावन पूर्णिमा को लेकर सुबह से ही शहर के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही. एसएम कॉलेज रोड, बरारी और हनुमानघाट समेत विभिन्न घाटों पर लोगों ने गंगा स्नान किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. स्नान और पूजा के बाद लोगों ने रक्षाबंधन का पर्व मनाया.

घरों में पूजा-पाठ, कहीं सत्यनारायण तो कहीं सुंदरकांड

रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही घरों में साफ-सफाई और पूजा-अर्चना का दौर चला. बहनों ने स्नान कर मंदिर या घर में पूजा की. इसके बाद भाइयों को तिलक लगाकर राखी बांधी और आरती उतारी.

कई घरों में सत्यनारायण भगवान की पूजा और सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी हुआ. सराय में राहुल कुमार के घर सत्यनारायण भगवान की पूजा हुई, जबकि आकाशवाणी के समीप शिवशक्ति मंदिर में मकंदपुर की टोली ने सुंदरकांड का पाठ किया. कार्यक्रम का संचालन महंत अरुण बाबा ने किया.

भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल

रक्षाबंधन पर जिले के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग समुदाय के लोगों ने भी भाई-बहन के रिश्ते की भावना को मजबूत किया. कई महिलाओं ने मुंहबोले भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया.

वार्ड 24 की पार्षद नुसरत ने वार्ड 20 के पार्षद नंदिकेश शांडिल्य को राखी बांधकर रक्षा का वचन लिया. इस तरह पर्व के माध्यम से सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश भी सामने आया.

दूर रह रही बहनों ने सोशल मीडिया से निभाया रिश्ता

दूसरे प्रदेशों में रहने वाली बहनों ने भाइयों को डाक और अन्य माध्यमों से राखियां भेजीं. कई बहनों ने सोशल मीडिया और वीडियो कॉल के माध्यम से भाइयों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं. मुंहबोली बहनों ने भी सोशल मीडिया के जरिये भाइयों को पर्व की बधाई दी.

राखी से मिठाई तक बाजार में रही भीड़

रक्षाबंधन को लेकर शहर के बाजारों में भी काफी चहल-पहल रही. राखी और मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ देखी गयी. मिठाई दुकानदार नंदकिशोर साह ने बताया कि उनके यहां एक क्विंटल से अधिक लड्डू की बिक्री हुई. काजू पान की मांग भी इतनी रही कि स्टॉक कम पड़ गया.

महंगाई के बावजूद मिठाई की खरीदारी में कमी नहीं आयी. पनीर की कीमत भी बढ़ी हुई रही. दुकानदार के अनुसार पहले करीब 300 रुपये किलो बिकने वाला पनीर अब 320 रुपये किलो तक पहुंच गया, जबकि शहर के कुछ हिस्सों में इसकी कीमत 400 रुपये प्रति किलो तक रही. इसके बावजूद ग्राहकों की मांग बनी रही.

यह भी पढ़ें : भागलपुर में महिलाओं की सुरक्षा के लिये सड़क पर उतरी 25 'पुलिस दीदियां', दोपहिया वाहनों से होगी गश्त : एसपी ने दिखायी हरी झंडी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन