भागलपुर में महिलाओं की सुरक्षा के लिये सड़क पर उतरी 25 'पुलिस दीदियां', दोपहिया वाहनों से होगी गश्त : एसपी ने दिखायी हरी झंडी
अपने दुपहिया के साथ कतार मे पुलिस दीदियाँ
महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर भागलपुर में 'पुलिस दीदी' टीम को सक्रिय कर दिया गया है. एसएसपी ने टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो अब गली-मोहल्लों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास निगरानी रखेगी.
भागलपुर : रक्षाबंधन के अवसर पर भागलपुर पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बड़ी पहल की है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस दीदी टीम का विस्तार करते हुए शुक्रवार को पुलिस लाइन से वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने 25 पुलिस दीदियों को स्कूटी के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इनका उद्देश्य महिलाओं, युवतियों और खासकर छात्राओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना तथा उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है.
आपके शहर में

अलग-अलग क्षेत्रों में करेंगी गश्त
एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि सभी 25 पुलिस दीदियों के लिए अलग-अलग क्षेत्र निर्धारित किये गये हैं. वे अपने-अपने इलाकों में नियमित भ्रमण करेंगी और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखेंगी.
पुलिस दीदियों की विशेष नजर रहेगी :
- गली-मोहल्लों और चौक-चौराहों पर
- बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में
- स्कूल-कॉलेज व अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास
- छात्राओं और कामकाजी महिलाओं की आवाजाही वाले मार्गों पर
पुलिस दीदियां महिलाओं और छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं जानेंगी और जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराएंगी.

मनचलों पर कसेगा शिकंजा
एसएसपी ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं को परेशान करने वाले मनचलों पर भी पुलिस दीदियों की नजर रहेगी. संदिग्ध गतिविधियों में शामिल युवकों को रोककर पूछताछ और सत्यापन किया जाएगा. सत्यापन में सहयोग नहीं करने या संदिग्ध गतिविधि की पुष्टि होने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि महिलाओं और छात्राओं के लिए भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण तैयार करना है.
स्कूटी से मौके पर तुरंत पहुंचेंगी
पुलिस दीदियों को स्कूटी उपलब्ध कराने से उन्हें अपने निर्धारित क्षेत्र में तेजी से पहुंचने और लगातार गश्त करने में सुविधा होगी. इससे महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर पुलिस की पहुंच भी आसान होगी. खासकर स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को रास्ते में किसी तरह की परेशानी होने पर त्वरित पुलिस सहायता मिलने की उम्मीद है.
रक्षाबंधन पर दिया सुरक्षा का संदेश
रक्षाबंधन के दिन शुरू की गयी इस पहल को महिला सुरक्षा के साथ पुलिस और समाज के बीच भरोसा मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. पुलिस दीदियां सुरक्षा के साथ महिलाओं और छात्राओं के बीच जागरूकता बढ़ाने का भी काम करेंगी.
भागलपुर पुलिस का यह कदम महिलाओं की सुरक्षा मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक अहम पहल है.
यह भी पढ़ें : पुलिस केंद्र में मारवाड़ी महिला समिति ने पुलिसकर्मियों संग मनाया रक्षाबंधन, मजबूत हुआ विश्वास का रिश्ता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए