bhagalpur news. आरोपितों को गिरफ्तार करने गयी पुलिस टीम पर हमला, चार पुलिसकर्मी घायल

Updated:
विज्ञापन
bhagalpur news. आरोपितों को गिरफ्तार करने गयी पुलिस टीम पर हमला, चार पुलिसकर्मी घायल

आरोपितों को गिरफ्तार करने गयी मधुसूदनपुर पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया. हमले में चार पुलिसकर्मी घायल हो गये. थाने के गाड़ी का शीशा चकनाचूर कर दिया गया.

विज्ञापन

आरोपितों को गिरफ्तार करने गयी मधुसूदनपुर पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया. हमले में चार पुलिसकर्मी घायल हो गये. थाने के गाड़ी का शीशा चकनाचूर कर दिया गया. मामला थानाक्षेत्र के भिमकित्ता का है. गांव के रहनेवाले जज के ड्राइवर आशीष की शिकायत पर गुरुवार रात को भी पुलिस पहुंची थी. दो आरोपित को गिरफ्तार किया था. आरोपियों व उसके परिजनों ने धक्का-मुक्की कर दोनों को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया था. पुलिस ने सरकारी काम मे बाधा डालने का केस दर्ज किया. फिर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार रात उसके घर पहुंची. पुलिस ने आरोपित विकास कुमार व कक्कु को गिरफ्तार कर लिया. हिरासत में दोनों को लेने के बाद महिला समेत उनके परिजन उग्र हो गये. पुलिस पर परिजनों ने ईंट-पत्थर व लाठी से हमला कर दिया. घटना मे दो पुलिस पदाधिकारी व दो सिपाही घायल हो गये. आरोपित के परिजनों ने पुलिस की स्कार्पियो और बोलेरो के शीशे चूर कर दिये और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया. पीछे से ईंट-पत्थर चल रहे थे और पुलिस जान बचाने के लिए दौड़ कर भाग रही थी. हालांकि पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद विकास और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि बताया जा रहा है कि एक पुलिसकर्मियों को थोड़ा ज्यादा चोट लगी है. अन्य मामूली घायल हैं. सभी घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया गया. विकास यादव को गिरफ्तार कर पुलिस थाना चली आयी इसके बाद विकास यादव के समर्थकों ने पीड़ित जज के चालक आशीष कुमार के परिजन छोटू के घर पर हमला बोल दिया. छोटू पर रॉड से हमला कर सिर फोड़ दिया. वह गंभीर रूप से घायल हो गया है. उसका इलाज मायागंज में चल रहा है. वहीं पुलिस से मारपीट की सूचना वरीय अधिकारियों को हुई. इसके बाद करीब एक बजे रात में बज्र वाहन और बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ डीएसपी टू राकेश कुमार भिमकित्ता गांव पहुंचे. वहां करीब एक घंटे तक गांव में फ्लैगमार्च किया. भिमकित्ता के पूरे घटनाक्रम में कुल चार केस दर्ज भिमकित्ता में गुरुवार से लेकर शुक्रवार की रात पुलिस पर हुए हमला व दोनों पक्षों के बीच मारपीट मामले में कुल चार केस दर्ज हुए हैं. इनमें एक-एक केस दोनों पक्षों के बयान पर एक दूसरे पर किया गया है. इसके अलावा पुलिस से दोनों दिन हुए झड़प मामले में थाने की तरफ से दो केस दर्ज किया गया है. पुलिस की तरफ से हुए दोनों केस में कुल 10 लोगों को नामजद किया गया है. सिटी डीएसपी 2 राकेश कुमार ने पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार की रात हुई घटना में चार पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं. पुलिस ने विकास यादव सहित दो को गिरफ्तार किया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

विज्ञापन
निशिरंजन ठाकुर

लेखक के बारे में

By निशिरंजन ठाकुर

निशिरंजन ठाकुर मुख्यधारा की पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक समय से सक्रिय. साहित्यिक विषयों में भी गहरी रूचि. खबरों में तथ्य के साथ मानवीय संवेदना और भाषा की सादगी को अहम मानते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन